CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें छत्तीसगढ़ में SIR फॉर्म की तिथि समाप्त, 33 लाख वोटरों के नाम कटने का खतरा; 45 करोड़ खर्च के बाद भी स्कूलों में शुचिता योजना फेल, 1330 सेनेटरी पैड मशीनें खराब; नारायणपुर में BSF जवान की आत्महत्या से हड़कंप; शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं; राज्य स्कूल मानक प्राधिकरण गठन से स्कूलों की होगी A+ से C तक ग्रेडिंग; सरकारी हॉस्टल और आंगनबाड़ियों में गरीब बच्चों को महंगा चावल बेचने पर सवाल; कस्टम मिलिंग घोटाले में अनवर ढेबर–अनिल टुटेजा के कंट्रोल का खुलासा; DSP कल्पना वर्मा पर महादेव सट्टा पैनल दबाव के गंभीर आरोप; सुकमा मुठभेड़ में 2-3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर; सूरजपुर बाघ मौत मामले में महिला सरपंच समेत 6 गिरफ्तार, बीट गार्ड सस्पेंड समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
33 लाख वोटरों के नाम कटने का संकट: SIR फॉर्म भरने का आज आखिरी दिन
Voter List Revision: छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया ख़त्म। अब कोई भी फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में लगभग 12 लाख मृत, स्थानांतरित या अनुपलब्ध लोगों के नाम सूची से कट सकते हैं। इसके अलावा, 6 लाख संदिग्ध मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा, जिन्होंने 2003 की सूची के अनुसार रिकॉर्ड पेश नहीं किया है। कुल मिलाकर लगभग 33 लाख मतदाताओं के नाम कटने की आशंका है।
शुचिता योजना का बुरा हाल: 45 करोड़ खर्च, फिर भी स्कूलों में मशीनें खराब
Sanitary Pad Machine Reality: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरकारी स्कूलों में ‘शुचिता योजना’ केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि स्वामी आत्मानंद और सप्रे स्कूल जैसे बड़े संस्थानों में सेनेटरी पैड मशीनें सालों से खराब पड़ी हैं। विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में इस योजना पर ₹45 करोड़ से अधिक खर्च हुए हैं। वर्तमान में वितरित 2943 मशीनों में से 1330 मशीनें खराब हैं। कई स्कूलों में शिक्षक अपने स्तर पर छात्राओं को पैड उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि मशीनें शोपीस बनी हुई हैं।
BSF जवान सचिन कुमार ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
BSF Jawan Suicide: नारायणपुर जिले के सोनपुर स्थित होरादी कैंप में तैनात BSF जवान सचिन कुमार ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। उत्तर प्रदेश के निवासी सचिन लंबे समय से नक्सल मोर्चे पर तैनात थे। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और बीएसएफ की आंतरिक टीम साथियों से पूछताछ कर रही है।
शराब घोटाला: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं
Liquor Scam Case: बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई जनवरी तक के लिए टाल दी है। चैतन्य ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका और ईडी की कार्रवाई को चुनौती दी थी। कोर्ट ने कहा कि इस मामले की सुनवाई “टुकड़ों में” नहीं की जा सकती। ईडी का तर्क है कि यह करोड़ों रुपये का घोटाला है और इसकी जांच निर्णायक चरण में है।
छत्तीसगढ़ राज्य स्कूल मानक प्राधिकरण का होगा गठन, अब स्कूलों की होगी ग्रेडिंग
School Standard Authority: शिक्षा की गुणवत्ता और सुरक्षा में सुधार के लिए राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ राज्य स्कूल मानक प्राधिकरण’ बनाने जा रही है। एससीईआरटी (SCERT) इसके नियम तय करेगी। ग्रेडिंग सिस्टम: स्कूलों को ‘A+’ से ‘C’ ग्रेड तक वर्गीकृत किया जाएगा। स्व-मूल्यांकन और थर्ड पार्टी ऑडिट के आधार पर हर साल वार्षिक रिपोर्ट सार्वजनिक होगी अभिभावक भी स्कूल के मानकों को लेकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
सरकारी हॉस्टल्स और आंगनबाड़ियों में निर्धन बच्चों को ‘महंगा’ चावल बेच रही सरकार
Nutrition Scheme Issue: प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जहां मुफ्त अनाज का दावा है, वहीं छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ियों और आदिवासी हॉस्टल्स के लिए सरकार ₹5.85 से ₹6.25 प्रति किलो की दर से चावल बेच रही है। एक बच्चे की थाली के लिए बजट मात्र ₹4.36 प्रतिदिन है, जिसमें चावल खरीदना भी शामिल है। हॉस्टल्स छात्रों को मिलने वाली ₹1200-₹1500 की सहायता राशि का बड़ा हिस्सा भोजन और स्टेशनरी में खर्च हो जाता है, जिससे उनके लिए पेट भरना मुश्किल हो रहा है। विभाग ने शासन को मुफ्त चावल का प्रस्ताव भेजा है।
कस्टम मिलिंग घोटाला: अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा का था सरकार पर कंट्रोल
Custom Milling Scam: एसीबी (ACB) और ईओडब्ल्यू (EOW) की चार्जशीट में बड़ा खुलासा हुआ है कि तत्कालीन आईएएस अनिल टुटेजा और नेता अनवर ढेबर पिछली सरकार में विभागों को कंट्रोल कर रहे थे। कस्टम मिलिंग घोटाला व्हाट्सएप चैट से प्रमाणित हुआ है कि PWD, वन, बिजली और मार्कफेड जैसे विभागों में ठेके और पोस्टिंग इन्हीं की मर्जी से होती थी। इन्होंने ही प्रोत्साहन राशि ₹40 से बढ़ाकर ₹120 कराई ताकि प्रति क्विंटल ₹20 की अवैध वसूली की जा सके। टुटेजा को इस वसूली से करीब 20-22 करोड़ रुपये मिलने के साक्ष्य मिले हैं।
DSP कल्पना वर्मा केस: महादेव सट्टा पैनल चलाने के दबाव का आरोप
Love Trap Controversy: रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन ने DSP कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीजीपी को पत्र लिखा है। टंडन का दावा है कि DSP ने उन पर दंतेवाड़ा में महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने का दबाव बनाया था। प्रस्ताव ठुकराने पर संबंध बिगड़े और बाद में ब्लैकमेलिंग शुरू हुई। टंडन ने होटल ‘एटमॉसफेरिया’ को अवैध तरीके से हड़पने और करीब 2 करोड़ के आर्थिक नुकसान का आरोप लगाया है। वहीं, DSP कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को झूठा और छवि खराब करने की साजिश बताया है।
सुकमा मुठभेड़: 2-3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, ऑपरेशन जारी
Sukma Encounter: सुकमा जिले के गोलापल्ली इलाके के जंगलों में डीआरजी (DRG) जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। खुफिया इनपुट के आधार पर शुरू हुए इस सर्च ऑपरेशन में 2 से 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, जिनमें एक ACM कैडर (5 लाख का इनामी) का नक्सली भी शामिल हो सकता है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
बाघ की मौत का मामला: महिला सरपंच समेत 6 गिरफ्तार, बीट गार्ड सस्पेंड
Tiger Death Investigation: सूरजपुर के घूई वन परिक्षेत्र में बाघ की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। करंट लगाकर शिकार करने के आरोप में महिला सरपंच सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से बाघ के नाखून और बाल बरामद हुए हैं। लापरवाही बरतने पर एक बीट गार्ड को निलंबित किया गया है, जबकि रेंजर और वनपाल को नोटिस जारी किया गया है



