
रायपुर की रहने वाली श्वेता शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्हें भारतीय सूचना सेवा (Indian Information Service – IIS) में नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान भी बढ़ाया है।
शिक्षा से करियर तक का सफर
श्वेता ने अपनी स्कूली पढ़ाई गुरुकुल स्कूल, रायपुर से की। इसके बाद महंत लक्ष्मी नारायण कॉलेज से स्नातक और फिर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय से जनसंचार में स्नातकोत्तर किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और 2012 से दूरदर्शन में एंकरिंग करने के साथ-साथ कई मीडिया संस्थानों से जुड़ी रहीं।
पहले ही प्रयास में UPSC सफलता
लगातार मेहनत, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ श्वेता ने UPSC की तैयारी की और अपने पहले ही प्रयास में भारतीय सूचना सेवा में चयनित होने का गौरव हासिल किया।
सरकारी सेवा में निभा रहीं अहम भूमिका
वर्तमान में श्वेता भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण विभाग में उत्तर बस्तर (छत्तीसगढ़) में फील्ड इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उनके चयन के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार, मित्रों और स्थानीय प्रशासन ने उन्हें बधाइयाँ और शुभकामनाएं दी हैं। रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे और कांकेर कलेक्टर ने भी उन्हें फोन पर बधाई दी।
IIS: एक विशिष्ट सेवा
भारतीय सूचना सेवा (IIS) भारत सरकार की एक विशेष केंद्रीय सेवा है, जिसमें अधिकारी देशभर में जनसंपर्क, जनसंचार और मीडिया नीति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य करते हैं। इस सेवा में चयनित होना युवाओं के लिए अत्यंत गर्व की बात मानी जाती है।
उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सहित देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।



