
अंबिकापुर: Ambikapur News: अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क, नाली और भवन निर्माण कार्यों को लेकर महापौर मंजूषा भगत ने ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी है। बुधवार को भूमिपूजन के बाद महापौर ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
- पार्टी की परवाह नहीं: महापौर मंजूषा भगत ने स्पष्ट किया, “ठेकेदार भाजपाई हो या कांग्रेसी या किसी भी अन्य पार्टी का, यदि घटिया निर्माण पाया गया तो उसे तोड़कर दोबारा काम कराया जाएगा।”
- अधिकारियों को निर्देश: उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने भरोसा दिलाया कि इस बार निर्माण की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बरसात के दौरान खराब सड़कों से जनता को हुई परेशानी के लिए जनता से माफी भी मांगी।



