
धमतरी जिले के कुरूद के लिए आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। स्वामी विवेकानंद की जयंती के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिषद कुरूद का विधिवत शुभारंभ किया। इस खास मौके पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए लगभग 17.57 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान कुरूद विधायक अजय चंद्राकर और सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने कुरूदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शहर का योजनाबद्ध विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आधुनिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के लिए करोड़ों की सौगात
समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने केनाल रोड पर नवनिर्मित परिसर में स्वामी विवेकानंद मंगल भवन और उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। लगभग 1.32 करोड़ की लागत से तैयार इस भवन के साथ ही शहर के कई अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण हुआ। इनमें अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट, 2 करोड़ रुपये की लागत से बना मिनीमाता शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और शहर की मुख्य सड़कों पर लगी आधुनिक एलईडी लाइट्स शामिल हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से न केवल शहर की सूरत बदलेगी बल्कि स्थानीय लोगों को व्यापार और खेलकूद के बेहतर विकल्प भी मिलेंगे।

विकासकार्यों से संवरेगा कुरूद का हर कोना
नगर की जरूरतों को देखते हुए सरकार ने 10.53 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की नींव भी रखी। जल्द ही मंडी रोड के पास नगर पालिका का अपना भव्य कार्यालय भवन तैयार होगा जिसके लिए 1.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा युवाओं के लिए 4.16 करोड़ का मल्टीपर्पस इंडोर स्पोर्ट्स हॉल, तालाबों का सौंदर्यीकरण और वार्ड 14 में एक हाईटेक स्मार्ट लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इन परियोजनाओं का मकसद शहर की अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाना है जिससे आने वाले समय में कुरूद एक आदर्श और आत्मनिर्भर नगर के रूप में अपनी पहचान बना सके।
डिप्टी सीएम ने मंच से की 1.76 करोड़ की अतिरिक्त घोषणा
मंच से जनता को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कुरूद के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जरूरतों को पूरा करने के लिए 1.76 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने का ऐलान किया। इस बजट का उपयोग स्वामी विवेकानंद मंगल भवन के पास बड़े नाले के सुधार, बिजली के पोल की शिफ्टिंग और शहर के रख-रखाव के लिए एक विशेष स्ट्रीट लाइट ट्रक की खरीदारी में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरीय निकायों को सुविधाओं से लैस करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी ताकि आम नागरिक का जीवन स्तर सुधरे।
अजय चंद्राकर ने कहा- ‘कुरुद के विकास को मिलेगी रफ्तार’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक अजय चंद्राकर ने इस मौके पर अपनी बेबाकी से अपनी बात कही उन्होंने कहा कि कुरूद काफी समय से नगर पालिका बनने की योग्यता रखता था लेकिन बीते कुछ वर्षों में इसे राजनीतिक कारणों से इसके हक से वंचित रखा गया। उन्होंने इसे कुरूद की जनता की जीत और एक बड़ा न्याय बताया। चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब शहर का विकास तेज गति से होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।



