
CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
बारिश में भी जारी नक्सल ऑपरेशन, जंगल से बरामद हुआ विस्फोटकों का जखीरा
Naxal Operation: भारी बारिश के बावजूद छत्तीसगढ़ में नक्सल ऑपरेशन की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है। मैनपुर और जुगाड़ क्षेत्र के जंगलों में चल रही सर्चिंग के दौरान जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जवानों ने तीन अलग-अलग जगहों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक और जरूरी सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा सुकमा जिले में भी नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। फिलहाल, जुगाड़-इंदागांव क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
13 जुलाई को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र पर होगी चर्चा
Chhattisgarh Congress: विधानसभा का मानसून सत्र जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक हलचलें भी तेज होती जा रही हैं। कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक 13 जुलाई को रायपुर के राजीव भवन में शाम 4 बजे बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत करेंगे। इसमें मानसून सत्र की रणनीति और विपक्ष की भूमिका पर मंथन होगा।
बस्तर में साइबर ठगों का बड़ा जाल, 4500 केस, 5.5 करोड़ की ठगी
Cyber Fraud: मोबाइल, सोशल मीडिया और फर्जी ऐप्स के ज़रिए आम जनता को चूना लगाने वाले साइबर ठगों ने बस्तर में अपना बड़ा नेटवर्क फैला रखा है। बीते एक साल में 4500 से ज्यादा साइबर फ्रॉड केस सामने आए हैं, जिसमें लोगों से करीब 5.5 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। पुलिस ने जामताड़ा से एक सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
ऑनलाइन सट्टे का गढ़ बना नागपुर, ‘शिवा बुक’ एप पर छापा, 6 गिरफ्तार
Online Betting: ऑनलाइन सट्टा खेलाने वाली एप ‘शिवा बुक’ की नागपुर ब्रांच पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य संचालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से 7.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की, जिसमें कैश, मोबाइल, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज और अन्य डिवाइस शामिल हैं। ये रैकेट ऑनलाइन सट्टे के जरिए लाखों रुपये की हेराफेरी कर रहा था।
सरेंडर नक्सलियों के लिए नई शुरुआत: सरकार देगी टेस्ट ट्यूब बेबी की सुविधा
Naxal Rehabilitation Program: छत्तीसगढ़ सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने की लगातार कोशिशें कर रही है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ऐलान किया है कि जिन नक्सलियों की जबरन नसबंदी की गई थी, उन्हें अब टेस्ट ट्यूब बेबी की सुविधा दी जाएगी ताकि वे भी पारिवारिक सुख का अनुभव कर सकें। सरकार का यह कदम भावनात्मक और मानवीय दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।
22 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 8 महिलाएं भी शामिल, 37 लाख का था इनाम
Narayanpur Naxal Surrender: नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को नारायणपुर में 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें 8 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय थे और इन पर कुल 37 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार ये नक्सली IED प्लांटिंग, पुलिस मूवमेंट ट्रैकिंग जैसे कई गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
NH-130 पर जनता का गुस्सा फूटा, गड्ढों से परेशान होकर लगाया चक्काजाम
NH-130 Road Block: जिले के बरेला में लोगों का सब्र जवाब दे गया। NH-130 की बदहाल हालत और बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों के कारण नाराज़ लोगों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहा और लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराना पड़ा।
बोल बम! सावन की शुरुआत, शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु
Sawan Month 2025: सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है और शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर के हाटकेश्वर महादेव और कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। जलाभिषेक, पूजा-पाठ और ‘बोल बम’ के जयकारों से शिवालय गूंज उठे हैं।
मंत्री का काफिला फंसा, प्रदर्शनकारियों पर FIR, चक्काजाम पड़ा भारी
Road Block FIR: जर्जर सड़कों के विरोध में किए गए चक्काजाम का अंजाम कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए भारी पड़ गया। NH पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला फंस गया और उन्हें बिना रास्ता पाए वापस लौटना पड़ा। इसके बाद तखतपुर पुलिस ने 15 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
‘एक पेड़ शहीद के नाम’, शहीदों की याद में लगा हरियाली का दीपक
CG Plantation Drive: पुलिस मुख्यालय में एक बेहद खास और भावनात्मक पहल ‘एक पेड़ शहीद के नाम’ अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान शहीद जवानों की पत्नियों ने अपने पतियों की याद में पौधे लगाए। यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है, बल्कि शहीदों की शहादत को सम्मान देने का भी एक सुंदर प्रयास है।



