
Ind vs SA 2nd ODI Match: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेला जाएगा। यह रोमांचक मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। इस मैच के लिए टिकटों की कीमतों की आधिकारिक घोषणा आज (16 नवंबर) कर दी जाएगी। इसके साथ ही टिकट बिक्री की तारीखों का भी ऐलान कर दिया गया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म होने वाला है।

मैच के टिकट 18 नवंबर से मिलेंगे, कीमतों में कमी की उम्मीद
रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैच के लिए टिकटों की बिक्री 18 नवंबर से शुरू होगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर यह है कि इस बार टिकटों के दाम पिछले साल की तुलना में कम रखे जाने की संभावना है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक दर्शक मैच का आनंद ले सकें।
दर्शकों के लिए न्यूनतम ₹1000 का टिकट, छात्रों को छूट
इस बहुप्रतीक्षित मैच को स्टेडियम में देखने के लिए दर्शकों को कम से कम ₹1000 खर्च करने होंगे। हालांकि, छात्रों को टिकट खरीदने में विशेष छूट मिल सकती है। जानकारी के अनुसार, स्टूडेंट के लिए टिकट की कीमत ₹500 तक हो सकती है। टिकट की विभिन्न श्रेणियों और उनके दामों का विस्तृत विवरण आज होने वाली घोषणा में स्पष्ट हो जाएगा।
दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा रोमांचक मुकाबला
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह दूसरा वनडे मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला 3 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1:00 बजे होगा। इस मैच का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के तहत किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 30 नवंबर से होगी।
स्टेडियम में जोर-शोर से चल रही है अंतिम चरण की तैयारी
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) मैच के सफल आयोजन के लिए जोरों-शोरों से तैयारियों में जुटा हुआ है। स्टेडियम में घास कटाई और पिच तैयारियों का काम तेजी से चल रहा है। दर्शकों की सुविधा बढ़ाने के लिए डीआरएस और लाइव स्कोर के लिए नई एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है। साथ ही टूटी हुई कुर्सियों की मरम्मत और रंगरोगन का काम भी अंतिम चरण में है, ताकि दर्शक बेहतर अनुभव के साथ मैच देख सकें।



