
गरियाबंद: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर पालिका गरियाबंद में पदस्थ इंजीनियर संजय मोटवानी को ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई तब की गई जब ठेकेदार अजय गायकवाड़ ने इंजीनियर द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरा ट्रैप प्लान किया और इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की
ठेकेदार से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप
ठेकेदार अजय गायकवाड़ ने एसीबी से की गई शिकायत में बताया था कि उनके निर्माण कार्य के बिल पास करने के एवज में इंजीनियर संजय मोटवानी ने उनसे ₹1 लाख की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इंजीनियर से डील तय करने के बाद एसीबी को सूचना दी। तय समय पर इंजीनियर ने आज ठेकेदार को रिश्वत की रकम लेने के लिए साईं गार्डन के पास बुलाया था।

कार के डेस्क बोर्ड में पैसे रखते ही ACB ने दबोचा
रिश्वत की रकम लेने के लिए इंजीनियर संजय मोटवानी अपनी कार में मौजूद था। ठेकेदार ने जैसे ही रिश्वत की तयशुदा रकम इंजीनियर की कार के डेस्क बोर्ड में रखवाई, वहाँ पहले से तैनात ACB की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इंजीनियर को दबोच लिया। इंजीनियर मोटवानी को रंगे हाथों पकड़े जाने से नगर पालिका में हड़कंप मच गया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी
एसीबी ने गिरफ्तार किए गए नगर पालिका इंजीनियर संजय मोटवानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इंजीनियर के साथ इस भ्रष्टाचार में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे।



