
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर उत्साह चरम पर है। भारतीय वायुसेना के विशेष फाइटर जेट्स रायपुर पहुँच चुके हैं। ये शानदार जेट्स 5 नवंबर को नया रायपुर (अटल नगर) के आसमान में अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। इस आयोजन के चलते 5 नवंबर को दिल्ली समेत 5 घरेलू उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है।
सूर्यकिरण टीम का रोमांचक प्रदर्शन
Raipur Air Show Flights Timings Change: भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (SKAT) अपने शानदार करतबों से आसमान में अद्भुत और देशभक्ति से भरे दृश्य प्रस्तुत करेगी। हॉक जेट विमानों से सुसज्जित यह टीम अपनी सटीक फॉर्मेशन और रोमांचक एरियल डिस्प्ले के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।
सूर्यकिरण टीम के 9 फाइटर जेट्स लगभग 40 मिनट तक लगातार करतब दिखाएंगे। इनमें “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसे शानदार फॉर्मेशन शामिल होंगे। यह ऐतिहासिक एयर शो नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आयोजित किया जाएगा।
एयर शो के कारण 5 उड़ानों के समय में बदलाव
एयरोबेटिक शो के कारण 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट से 5 घरेलू उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एयर शो और रिहर्सल के चलते विमानों का टेकऑफ और लैंडिंग रोका जाएगा।
इस दौरान लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद की एक-एक फ्लाइट, और दिल्ली की दो फ्लाइट का समय फिर से निर्धारित (Reschedule) किया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे 4 और 5 नवंबर को अपनी फ्लाइट की जानकारी पहले से चेक कर लें, क्योंकि रिहर्सल और मुख्य शो के दौरान उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
आकाश गंगा पैराट्रूपर्स भी दिखाएंगे हैरतअंगेज स्टंट
सूर्यकिरण टीम के साथ ही आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम भी अपने रोमांचक करतब दिखाएगी। इस शो में कमांडो 10 हजार फीट की ऊंचाई से फ्री फॉल जंप का प्रदर्शन करेंगे। यह वही तकनीक है, जिसे दुनिया की स्पेशल फोर्स गुप्त अभियानों में इस्तेमाल करती हैं।
यह कार्यक्रम राज्योत्सव के 25वें वर्ष में देशभक्ति और रोमांच का बेहतरीन संगम साबित होने वाला है, जहाँ रायपुर के लोग पहली बार इतनी करीब से वायुसेना के शौर्य और पैराट्रूपर्स के साहस का अनुभव करेंगे। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि 4 नवंबर को रिहर्सल होगी और 5 नवंबर की सुबह 10 बजे मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा।
Also Read:



