
रायपुर: CM Gramin Bus Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों में लोगों को सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ का क्रियान्वयन तेजी से हो रहा है। योजना के पहले चरण की शुरुआत बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में हो चुकी है। अब तक 34 चयनित मार्गों में से 33 बसों का संचालन प्रारंभ हो चुका है, जिससे 250 से अधिक नए गाँवों को पहली बार बस सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विगत 5 अक्टूबर को जगदलपुर में इस योजना का शुभारंभ किया था।

ग्रामीण विकास को मिल रही नई दिशा
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गाँवों को जनपद मुख्यालय, तहसील, नगरीय क्षेत्र और जिला मुख्यालय से जोड़ना है, जहाँ पहले परिवहन सुविधा नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा, रोजगार के अवसर और आपसी संपर्क में बढ़ोतरी मिली है, जिससे ग्राम विकास को एक नई दिशा मिल रही है।
बस संचालकों को प्रोत्साहन और छूट
परिवहन सचिव एस. प्रकाश ने बताया कि राज्य शासन द्वारा बस संचालकों को प्रोत्साहन देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्हें मासिक कर से 3 वर्ष तक की पूर्ण छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बस संचालकों को प्रति किलोमीटर के हिसाब से वित्तीय सहायता भी दी जा रही है। पहले वर्ष में ₹26, दूसरे वर्ष में ₹24, और तीसरे वर्ष में ₹22 प्रति किलोमीटर की सहायता दी जाएगी। बस मार्गों का चयन जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर राज्य स्तरीय समिति द्वारा किया जाता है और निविदा प्रक्रिया के माध्यम से अनुमति दी जाती है।
11 जिलों में बस संचालन जारी
योजना के तहत 11 जिलों में बसों का संचालन शुरू हो चुका है:
- सुकमा: छह बसें
- कांकेर: पाँच बसें
- नारायणपुर: चार बसें
- जशपुर: चार बसें
- कोंडागाँव: तीन बसें
- कोरिया: तीन बसें
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: दो बसें
- सूरजपुर: दो बसें
- बलरामपुर-रामानुजगंज: दो बसें
- जगदलपुर: एक बस
- दंतेवाड़ा: एक बस
इसके अलावा, 9 नए मार्गों पर बस संचालन के लिए परमिट जारी करने की प्रक्रिया भी जारी है।



