
रायगढ़: Raigarh News: छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित किए जाने के बाद राज्य में शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। रायगढ़ जिले के सिग्नल चौक पर एक युवक का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सतनाम पंथ के पूज्य गुरु घासीदास बाबा और अमित बघेल के लिए अपमानजनक शब्दों और गालियों का प्रयोग कर रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश का माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है।

छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने पर हुआ था विवाद
रायपुर में राज्योत्सव से ठीक पहले रविवार को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति से तोड़फोड़ की गई थी, जिसके बाद पूरे प्रदेश में जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया था। इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना मौके पर पहुंची और जमकर हंगामा किया, जिसके चलते कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।
मूर्ति तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, मानसिक रूप से बीमार होने का दावा
विवाद बढ़ने के बाद सोमवार को छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को फिर से स्थापित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने सोमवार सुबह मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी रामाकांत साहू ने बताया कि आरोपी का नाम मनोज सतनामी है, जो सारंगढ़ के पुसौर का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसने नशे की हालत में प्रतिमा में तोड़फोड़ की थी।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने किया 31 अक्टूबर को ‘रायपुर बंद’ का आह्वान
छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा खंडित होने के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से एक दिन पहले, यानी 31 अक्टूबर को ‘रायपुर बंद’ का आह्वान किया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने मूर्ति तोड़ने की घटना को छिपाने की कोशिश की।
रायगढ़ में गुरु घासीदास के लिए अपशब्दों का प्रयोग
ताजा घटनाक्रम में, रायगढ़ के सिग्नल चौक पर एक युवक द्वारा सतनाम पंथ के पूज्य गुरु घासीदास बाबा और अमित बघेल (जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी प्रमुख) के लिए अपशब्दों और गालियों का प्रयोग करने का वीडियो सामने आया है। गुरु घासीदास के लिए अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल से सतनाम पंथ के अनुयायियों में भारी आक्रोश है और इससे प्रदेश का सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की आशंका है।
देखिये वीडियो-
सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की आशंका, पुलिस करे कार्रवाई
छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित होने के बाद उपजा विवाद, अब गुरु घासीदास जैसे पूज्य संत पर अभद्र टिप्पणी के कारण धार्मिक और सामाजिक तनाव में बदलता दिख रहा है। पुलिस को ऐसे वीडियो वायरल करने वाले और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



