CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, RTE में तीसरी लॉटरी से निजी स्कूलों में दाखिला, बारात में विवाद और पुलिस जांच, EV बिक्री में प्रदेश की सफलता, स्वच्छता दीदियों का सम्मान, अवैध यूरिया पर विधायक का हमला, हाईकोर्ट ने पुलिस जांच पर कड़ी टिप्पणी की, 3 करोड़ के ड्रग्स मामले में 19 गिरफ्तार, विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी और राशन घोटाले में हजारों टन चावल गायब पाए गए समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

RTE के तहत निजी स्कूलों में फिर से मिलेगा दाखिला, 19 अगस्त को निकलेगी तीसरी लॉटरी

RTE Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के लिए तीसरी लॉटरी अब 19 अगस्त को निकाली जाएगी। इस बार लॉटरी उन्हीं बच्चों के लिए होगी, जो पहले की लॉटरी में चयनित नहीं हुए थे। कोई नया आवेदन नहीं भरना होगा। राज्य में अब भी लगभग 6,100 सीटें खाली हैं, जिन पर बच्चों को मौका मिलेगा। RTE के तहत आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में 25% सीटों पर मुफ्त शिक्षा का प्रावधान है। शिक्षा विभाग की माने तो इस प्रक्रिया से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी तक पहुंचाना लक्ष्य है।

बारात में ‘Kiss’ पर बवाल, महिला ने IG से लगाई गुहार – पुलिस पर फंसाने और पैसे मांगने का आरोप

Chhattisgarh Wedding Clash: बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में शादी के जश्न के दौरान एक युवक ने बारात में आई युवती को किस कर दिया, जिसके बाद बारातियों और घरातियों में झगड़ा शुरू हो गया। मारपीट तक मामला पहुंचा और पुलिस ने एफआईआर में कई नाम जोड़ दिए। इस बीच जोगेश्वरी नाम की महिला ने आरोप लगाया है कि उसे झूठे केस में फंसाया गया है जबकि वह मौके पर मौजूद ही नहीं थी। उसका दावा है कि कोरोंधा थाना पुलिस न सिर्फ उसे धमका रही है, बल्कि पैसे भी मांग रही है। महिला ने सरगुजा IG से न्याय की गुहार लगाई, जिनका कहना है कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।

EMPS में छत्तीसगढ़ बना नया चैम्पियन, 6 महीने में बिके 13 हजार वाहन, 16 करोड़ की सब्सिडी

EMPS 2024 Scheme: रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल पर भारी उद्योग राज्य मंत्री ने संसद में बताया कि EMPS-2024 योजना के तहत सिर्फ 6 महीनों में 13,091 इलेक्ट्रिक वाहन बिके हैं, जिनपर सरकार ने 16.74 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। इतना ही नहीं, FAME-II योजना के तहत पिछले दो साल में छत्तीसगढ़ में 33,552 वाहन बिके, और 121 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। देशभर में EV की बिक्री में पिछले साल 27% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में बड़ी छलांग है।

स्वच्छता दीदियों के पैर धोकर सीएम ने किया सम्मान, स्वच्छ निकायों को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम

Swachhta Sangam 2025: बिलासपुर में हुए “स्वच्छता संगम 2025” कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर सम्मान किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को 1 करोड़ तक का पुरस्कार देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में करीब 260 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। साफ-सफाई में छत्तीसगढ़ की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए यह इवेंट मील का पत्थर साबित हो सकता है।

तीन दिन की छुट्टी के बीच मरीजों के लिए राहत, अंबेडकर अस्पताल में खुलेगी 2 घंटे की OPD

Holiday OPD Timings: राजधानी रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में तीन दिन की सरकारी छुट्टियों के बीच भी मरीजों को राहत दी जाएगी। 16 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक OPD खुली रहेगी। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि यह निर्णय खास तौर पर दूर-दराज से आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए लिया गया है, ताकि उन्हें इलाज के लिए भटकना न पड़े। आपातकालीन सेवाएं हर दिन की तरह चालू रहेंगी।

550 बोरी अवैध यूरिया पर विधायक का हमला, कहा – किसान परेशान और प्लांट में मिल रहा यूरिया!

Illegal Urea Seizure: अभनपुर विधानसभा के विधायक इंद्रकुमार साहू ने मोदी बायोटेक प्लांट में जब्त की गई 550 बोरी अवैध यूरिया की नीलामी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब किसान खाद के लिए तरस रहे हैं, तब प्लांट में अवैध उर्वरक का मिलना चिंता का विषय है। विधायक ने अधिकारियों पर उंगली उठाई और कहा कि जांच की आड़ में लीपापोती नहीं चलेगी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

गंभीर अपराध की जांच में पुलिस की लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त, मुख्य सचिव और DGP को भेजा आदेश

Chhattisgarh High Court: एक आपराधिक मामले में पुलिस की लचर जांच पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार एजेंसियों की चूक अस्वीकार्य है। कोर्ट ने 21 मई 2019 के एक मृत्यु-पूर्व बयान पर सवाल उठाए और बताया कि यह बयान चिकित्सकीय पुष्टि के बिना दर्ज किया गया, जिससे उसकी वैधता संदिग्ध हो गई। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बीडी गुरु की बेंच ने आरोपी को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया, और यह आदेश मुख्य सचिव और DGP को भेजने का निर्देश दिया।

3 करोड़ के ड्रग्स केस में अब तक 19 गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज़

Raipur Drugs Bust: रायपुर पुलिस ने 3 करोड़ रुपये के ड्रग्स केस में 8 और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस केस में कुल 19 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई में शामिल थे और इस नेटवर्क का संबंध पाकिस्तान से भी जुड़ा पाया गया है। सूत्रों के अनुसार, रायपुर में इस नेटवर्क के 300 से ज्यादा ग्राहक हैं, जिनमें कॉलेज छात्र, प्रोफेशनल्स और व्यापारी तक शामिल हैं। अब इस केस की जांच में IB, NCB और ATS भी शामिल हो गए हैं।

सीएम साय की अगुवाई में निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा, 1500 मीटर का झंडा बनेगा आकर्षण

Tiranga Yatra 2025: रायपुर में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 अगस्त को शाम 4 बजे से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
सीएम विष्णुदेव साय की अगुवाई में निकलने वाली ये यात्रा शहीद स्मारक भवन से शुरू होकर तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक जाएगी। यात्रा में 1500 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण रहेगा। भाजपा नेताओं के अलावा शहर के सामाजिक संगठन, छात्र, पूर्व सैनिक और आम जनता इसमें भाग लेंगे। देशभक्ति गीतों की गूंज और तिरंगे का रंग हर चौक-चौराहे पर दिखाई देगा।

भौतिक सत्यापन में सामने आया चावल घोटाला, 7891.73 टन स्टॉक का कोई हिसाब नहीं

Chhattisgarh Ration Scam: छत्तीसगढ़ में सरकारी राशन दुकानों में एक बार फिर बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। उचित मूल्य की दुकानों में चावल की भारी हेराफेरी पकड़ी गई है। 31 मार्च 2024 की स्थिति में 13,779 राशन दुकानों का जब भौतिक सत्यापन कराया गया तो पता चला कि 894 दुकानों में करीब 7,891.73 टन चावल गायब है। खाद्य विभाग ने इस खुलासे के बाद फौरन एक्शन लिया है। कई दुकानों के आबंटन को निलंबित और निरस्त कर दिया गया है, वहीं कई के खिलाफ FIR और वसूली के लिए आरआरसी भी जारी किया गया है।

Also Read: Dhamtari Triple Murder Case Video: ट्रिपल मर्डर केस में आरोपियों ने पुलिस वाहन में दिए विक्ट्री पोज, ढाबे में झगड़े का VIDEO भी आया सामने, पूर्व विधायक रंजना साहू पहुंची SP ऑफिस, कांग्रेस ने कहा “बेशर्म सिस्टम”

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button