छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल के संकेत, नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के साथ बदले जाएंगे जिलों के कलेक्टर

Chhattisgarh Chief Secretary Appointment: छत्तीसगढ़ में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज़ हो गई हैं। एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) में पदस्थ आईएएस अधिकारी विकासशील को जिस प्रकार तत्काल प्रभाव से वापस बुलाया गया, उससे यह संकेत मिला कि वह राज्य के अगले मुख्य सचिव बनाए जा सकते हैं। हालांकि, अब तक केंद्र सरकार द्वारा उनकी सेवाएं छत्तीसगढ़ को लौटाने संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

अचानक राजधानी में दिखे विकासशील, चुप्पी ने बढ़ाई चर्चा

Chhattisgarh Bureaucratic Reshuffle: बीते सप्ताह राजधानी रायपुर में विकासशील की अचानक उपस्थिति भी सुर्खियों में रही। खबरों के अनुसार वह एक-दो दिन के लिए शहर में रुके और बेहद सीमित लोगों से ही मुलाकात की। उनके एक बैचमेट ने बताया कि जैसे ही उनकी मुख्य सचिव बनने की चर्चा शुरू हुई, उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन विकासशील ने किसी का कॉल रिसीव नहीं किया।

केंद्र के आदेश के इंतजार में राज्य सरकार

Secretary Level Transfers: सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा 8 सितंबर को केंद्र को पत्र भेजकर विकासशील की सेवाएं वापस मांगी गई थीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर भेजी गई इस चिट्ठी के बाद, डीओपीटी ने एडीबी से उन्हें रिलीव कर दिया और उनके स्थान पर नई नियुक्ति भी कर दी। अब राज्य सरकार मुख्य सचिव के तौर पर उनकी नियुक्ति के लिए केंद्र के औपचारिक आदेश का इंतजार कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह आदेश जल्द ही जारी किया जा सकता है।

मंत्रालय में बदलाव की तैयारी

District Collector Performance Review: नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के साथ ही मंत्रालय स्तर पर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किए जाने की संभावना है। चर्चा है कि:

  • सिद्धार्थ कोमल परदेसी से स्कूल शिक्षा विभाग लेकर उन्हें स्वास्थ्य विभाग सौंपा जा सकता है।
  • बसवराजु से नगरीय प्रशासन लेकर उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
  • स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को नगरीय प्रशासन विभाग दिया जा सकता है।

कई कलेक्टरों के ट्रांसफर की भी चर्चा

Chhattisgarh Ministry Reshuffle: प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई ज़िलों के कलेक्टरों के स्थानांतरण की भी संभावना जताई जा रही है। खासकर कोरबा कलेक्टर अजित वसंत को लेकर चर्चा तेज है। उनके खिलाफ भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर लगातार मुखर रहे हैं। हालांकि, सरकार उनके कार्य प्रदर्शन से संतुष्ट नजर आ रही है, क्योंकि डीएमएफ और सीएसआर से जुड़ी गड़बड़ियों पर उन्होंने सख्ती से नियंत्रण पाया है। फिर भी उन्हें किसी बड़ी भूमिका में भेजा जा सकता है।

इसके अलावा जिन कलेक्टरों के तबादले की चर्चा है, उनमें शामिल हैं:

  • विलास भोस्कर (सरगुजा)
  • रणबीर शर्मा (बेमेतरा)
  • संजय कन्नौजे (सारंगढ़)
  • गोपाल वर्मा (कबीरधाम)
  • हरीश एस (बस्तर)
  • राजेन्द्र कटारा (बलरामपुर-रामानुजगंज)
  • अमृत विकास टोपनो (सक्ति)

सरकार प्रशासनिक कसावट पर गंभीर

Administrative Restructuring News: साय सरकार को सत्ता में आए लगभग दो साल हो चुके हैं और अब उसका फोकस प्रशासनिक सख्ती और कार्यक्षमता पर है। अधिकारियों से बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही है। खासकर ज़िलों के कलेक्टरों के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। सरकार अब ‘नॉन-परफॉर्मर’ कलेक्टरों को साइडलाइन करने के मूड में दिख रही है। सरकार के पास अब महज डेढ़ साल का समय बचा है, जिसमें उसे ज़मीन पर अपने विकास एजेंडे को लागू करना है। आखिरी साल राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में जाएगा, इसलिए प्रशासनिक मोर्चे पर अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मुख्य सचिव पद पर विकासशील की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा केंद्र के आदेश पर निर्भर है। इसके साथ ही प्रशासनिक फेरबदल की बड़ी लहर जल्द ही देखने को मिल सकती है।


Also Read: पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का कलेक्टर पर हमला, CM विष्णुदेव साय को लिखा पत्र

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button