धमतरी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस पलटी, 4 साल की बच्ची की मौत, कई यात्री घायल

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगरी से धमतरी आ रही डीआरडी कंपनी की यात्री बस खड़ादहा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के समय 20 यात्री सवार

Dhamtari News: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लाल रंग की इस यात्री बस (वाहन क्रमांक CG 04 E 2872) में करीब 18 से 20 यात्री सवार थे। दोपहर करीब 12:30 बजे बस खड़ादहा मोड़ पर पहुंची तो अचानक ब्रेक फेल हो गए। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन को संभाल नहीं सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मासूम की मौके पर मौत

हादसे में 4 साल की बच्ची रागिनी निषाद, निवासी ग्राम बासनवाही, गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की नानी कलेसिया निषाद भी हादसे में घायल हुई हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी नातिन को लेकर रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं।

गंभीर रूप से घायल यात्री

पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की मदद से घायलों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। घायलों में बेलौदी गांव निवासी टीकाराम साहू (58) और उनकी पत्नी कुमारी बाई साहू (54) शामिल हैं। दोनों की हालत गंभीर है। इसके अलावा अन्य घायलों का इलाज भी जारी है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: छत्तीसगढ़ के किसानों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, मिलेगा अतिरिक्त मुआवज़ा और विशेष क्षतिपूर्ति

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button