CG 5000 Teacher Bharti: व्यापम परीक्षा कैलेंडर से गायब शिक्षक भर्ती, बेरोजगार युवाओं में निराशा

Raipur News: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने वर्ष 2026 के लिए होने वाली भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में अप्रैल से दिसंबर 2026 तक की 31 प्रमुख परीक्षाओं का शेड्यूल शामिल है। इनमें तकनीकी शिक्षा, गृह पुलिस, नगर सेना, कृषि विभाग, उच्च न्यायालय और संयुक्त भर्ती परीक्षा जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
लेकिन इस सूची में शिक्षक भर्ती का नाम पूरी तरह से नदारद है, जिससे प्रदेशभर के लाखों शिक्षित बेरोजगार युवाओं में निराशा फैल गई है।

57000 से घटकर 5000 और अब गायब भर्ती का वादा

CG Teacher Recruitment Update: भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान चुनावी घोषणा पत्र में “मोदी की गारंटी” के तहत 57000 शिक्षक भर्ती का वादा किया था। बाद में विधानसभा में तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 33000 शिक्षकों की भर्ती की बात कही। इसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा यह संख्या घटाकर 5000 शिक्षक भर्ती कर दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव कई मंचों पर यह घोषणा कर चुके हैं कि भर्ती प्रक्रिया 2025 में शुरू की जाएगी लेकिन वह भी केवल मिडिया, पोस्टर और मंची भाषणों तक रह गया। अब 2026 के नए व्यापम कैलेंडर में शिक्षक भर्ती का नाम तक नहीं है, जिससे युवाओं का भरोसा डगमगाने लगा है।

सरकार ने नहीं दिया व्यापम को निर्देश

Teacher Bharti 2026: सूत्रों के मुताबिक, सरकार या शिक्षा विभाग से ही व्यापम को अब तक शिक्षक भर्ती को लेकर कोई निर्देश नहीं भेजा गया है, जिसके चलते परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती शामिल नहीं की जा सकी। जब तक विभाग से पदों की संख्या, विषयवार विवरण और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी नहीं मिलेगी, व्यापम इस परीक्षा की योजना नहीं बना सकता। अब आखिर सरकार की मंशा पर सवाल उठना चालू हो चुका है।

बेरोजगार युवाओं में नाराज़गी और बड़े आंदोलन की तैयारी

शिक्षक भर्ती के कैलेंडर से गायब होने के बाद बेरोजगार युवाओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि वे वर्षों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सरकार की निष्क्रियता ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, युवा वर्ग बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट रहे है, ताकि सरकार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का दबाव बनाया जा सके।

सरकार चाहे तो जल्द शुरू कर सकती है भर्ती प्रक्रिया

विशेषज्ञों एवं शिक्षा एवं शिक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर सरकार चाह ले तो नए वर्ष 2026 मार्च – अप्रैल तक भी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। व्यापम का कैलेंडर स्थायी नहीं है, और इसमें नई परीक्षाएं जोड़ी जा सकती हैं। लेकिन अब तक सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट पहल नहीं दिखी है।

युवाओं की उम्मीद अब भी बाकी

CG Teacher Bharti Notification Date: 2025 के अंत तक पहुंचते-पहुंचते भी शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। शिक्षित बेरोजगार अब भी इस उम्मीद में हैं कि सरकार अपने वादे पर अमल करेगी और शिक्षक भर्ती को प्राथमिकता सूची में शामिल करेगी। फिलहाल, व्यापम कैलेंडर से शिक्षक भर्ती का गायब होना प्रदेश के युवाओं के लिए एक और झटका साबित हुआ है।

Also Read: CGPSC Superintendent Bharti 2025: CGPSC अधीक्षक (बाल देखरेख संस्था) भर्ती के पदों पर बंपर भर्ती; Apply Now…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button