CG Assembly Winter Session 2025: शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन, इन मुद्दों को लेकर विपक्ष ला सकती है स्थगन प्रस्ताव, CM साय समेत तीन मंत्री देंगे सवालों का जवाब

Chhattisgarh Legislative Assembly Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत रविवार 14 दिसंबर से हो चुकी है, और आज सोमवार को सत्र का दूसरा दिन है। प्रदेश में हावी ज्वलंत मुद्दों के मद्देनजर आज की कार्यवाही हंगामेदार रहने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष आज 15 दिसंबर को राज्य में धान खरीदी में आ रही बदहाली और किसानों की दिक्कतों को लेकर स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) ला सकती है। इस प्रस्ताव के जरिए विपक्ष सदन में सरकार को घेरेगा और जवाब मांगेगा, जिसके बाद सदन में गतिरोध की स्थिति भी बन सकती है।

प्रश्न काल में सीएम समेत तीन मंत्री देंगे सवालों का जवाब

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन यानी आज प्रश्न काल होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत तीन अन्य मंत्री सवालों का जवाब देंगे। जिन मंत्रियों से प्रश्न किए जाएंगे उनमें मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, गुरु खुशवंत, और रामविचार नेताम शामिल हैं। विपक्ष के विधायकों ने लॉ एंड ऑर्डर, बिजली बिल, बढ़ती महँगाई और ज़मीन दरों जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी की है।

सत्र की अवधि 19 दिसंबर तक बढ़ी, 628 सवाल लगे

विधानसभा का शीतकालीन सत्र जो पहले 17 दिसंबर तक चलने वाला था, उसकी अवधि बढ़ाकर 19 दिसंबर कर दी गई है। इस सत्र के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने कुल 628 सवाल लगाए हैं, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण और 9 अशासकीय संकल्प भी दिए गए हैं। 19 दिसंबर को सदन में वंदे मातरम पर भी चर्चा होगी।

आज प्रस्तुत होगा प्रथम अनुपूरक बजट और संशोधन विधेयक

सत्र के दौरान आज 15 दिसंबर को मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक बजट (First Supplementary Budget) भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा, सरकार एक संशोधन विधेयक भी सदन में पेश करेगी। यह विधेयक ‘छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना, नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन संशोधन विधेयक’ होगा।

कार्यवाही से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक

सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस बैठक में सदन की आगामी कार्यवाही की रूपरेखा तय की गई। पहले दिन सदन में छत्तीसगढ़ अंजोर विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर चर्चा हुई थी।

Also Read: VIDEO: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर भाजपा का पलटवार: विधायक अजय चंद्राकर बोले- बंगाल की ताड़का हैं ममता बनर्जी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button