तांत्रिक के बहकावे में बेटे ने मां की कर दी हत्या, थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के सरवानी गांव में अंधविश्वास के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने तांत्रिक की बातों में आकर अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

बच्चों की बीमारी से परेशान बेटा पहुंचा तांत्रिक के पास

जानकारी के मुताबिक, सरवानी गांव निवासी विष्णु केवट लंबे समय से अपने बच्चों की बिगड़ती तबीयत से परेशान था। इलाज कराते-कराते थक चुके विष्णु ने समाधान के लिए तांत्रिक का सहारा लिया। तांत्रिक ने उसे यह कहकर भड़काया कि उसकी मां जादू-टोना करती है और इसी वजह से बच्चे बीमार पड़ते हैं।

गुमराह होकर बेटे ने मां पर किया हमला

तांत्रिक की बातों पर यकीन कर विष्णु ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी (टंगिया) से अपनी मां पर हमला कर दिया। वारदात में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे चकरभाठा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

थाने में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी विष्णु ने बयान में कहा, “मेरे बच्चों की तबीयत लगातार खराब हो रही थी। इसकी वजह मेरी मां है। मैंने कई बार उसे समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। गुस्से में आकर मैंने कुल्हाड़ी से वार कर दिया।”

पुलिस ने किया हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना की जांच की जा रही है। यह वारदात एक बार फिर साबित करती है कि अंधविश्वास और तांत्रिकों की झूठी मान्यताएं कितनी घातक हो सकती हैं।

Also Read: दो साल के मासूम की हत्या : कलयुगी पिता ने शराब के नशे में बेटे को पटककर उतारा मौत के घाट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button