
रायपुर, जून 2025 Amit Shah CG Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 और 23 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राज्य को कई अहम सौगातें मिलने वाली हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने उनके प्रवास का पूरा कार्यक्रम सार्वजनिक किया है। दौरे के दौरान गृह मंत्री नया रायपुर में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के कैंपस का भूमिपूजन करेंगे और नक्सल क्षेत्र बस्तर का भी दौरा करेंगे।
नया रायपुर में खुलेगा फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी का कैंपस
राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई 40 एकड़ जमीन पर नया रायपुर में NFSU का एक बड़ा कैंपस स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 350 से 400 करोड़ रुपये तक की लागत आएगी। डिप्टी सीएम शर्मा के अनुसार, इस कैंपस से छत्तीसगढ़ को फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानूनों के चलते फॉरेंसिक साइंस की जरूरत तेजी से बढ़ी है। ऐसे में यह यूनिवर्सिटी ट्रेंड प्रोफेशनल्स तैयार करेगी और प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।
ट्रांजिट कैंपस से इसी साल शुरू होंगी पढ़ाई
स्थायी कैंपस के तैयार होने तक नया रायपुर में 6-7 एकड़ जमीन पर ट्रांजिट कैंपस बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम शर्मा ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से डिजिटल क्लासेस शुरू की जाएंगी, ताकि छात्रों को तत्काल लाभ मिल सके।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ सरकार खुद का फॉरेंसिक लैब भी बनाएगी, जिससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी।
बस्तर में जाएंगे अमित शाह, सुरक्षा बलों से करेंगे मुलाकात
Amit Shah Bastar Tour: अपने प्रवास के दूसरे दिन यानि 23 जून को अमित शाह बस्तर भी जाएंगे। यहां वे सुरक्षा बलों के किसी कैंप का दौरा करेंगे और नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा करेंगे।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास और शांति की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता, वैकल्पिक विभागों में नियुक्ति, और उनके लिए विशेष योजनाएं लाई जा रही हैं।
हर जिले में बनेगा STF, जनता से लिया जाएगा फीडबैक
नक्सलवाद से लड़ने के लिए सरकार अब हर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बनाएगी। साथ ही, आम जनता से फीडबैक लेने के लिए टोल-फ्री नंबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है, ताकि जनता की राय सीधे सरकार तक पहुंच सके।
अमित शाह के दौरे से क्या उम्मीदें?
केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा न केवल सुरक्षा बल्कि शिक्षा और विकास के नजरिए से भी काफी अहम माना जा रहा है। नया रायपुर में NFSU कैंपस का शिलान्यास राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, तो बस्तर का दौरा नक्सल मोर्चे पर सरकार की रणनीति को और मजबूत करेगा।
Also Read: CG Anukampa Niyukti: शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को अब मिलेगी किसी भी विभाग में नौकरी



