
रायपुर: CG Train Cancelled Alert: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब अचानक ट्रेनों के कैंसिल होने की झंझट खत्म होने वाली है। रेलवे की ओर से ट्रेनों के कैंसिलेशन की सूचना पहले से सार्वजनिक की जाएगी, ताकि यात्री समय रहते वैकल्पिक योजना बना सकें।
ब्लॉक की वजह से होती थी दिक्कत, अब पहले मिलेगी जानकारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न सेक्शनों में मेंटेनेंस और विकास कार्य के लिए समय-समय पर ब्लॉक लिया जाता है, जिससे कई ट्रेनें अचानक रद्द करनी पड़ती थीं। इसकी जानकारी न होने की वजह से रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को भारी परेशानी होती थी, क्योंकि आखिरी वक्त में उन्हें अन्य ट्रेनों में टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता था।
अब रेलवे ने तय किया है कि जिस सेक्शन में जब भी ब्लॉक लिया जाएगा, वहां किन-किन ट्रेनों को रद्द करना है, इसकी सूचना पहले से दी जाएगी। यात्रियों को यह जानकारी मिलते ही वे दूसरे विकल्पों की ओर रुख कर सकेंगे और यात्रा की तैयारी पहले से कर सकेंगे।
रेलवे GM ने दिए निर्देश, अब बदलेगा सिस्टम
शुक्रवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने दुर्ग में रेलवे सेक्शनों और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनसे जब यात्रियों की परेशानी का जिक्र हुआ तो उन्होंने साफ किया कि अब रेलवे की कार्यशैली में बदलाव होगा।
उन्होंने कहा, “ब्लॉक लेने की प्रक्रिया पहले जैसी ही रहेगी, लेकिन अब यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उससे प्रभावित होने वाली ट्रेनें कौन-कौन सी होंगी, इसकी जानकारी अग्रिम तौर पर यात्रियों को दी जाएगी। इससे लोग समय रहते प्लानिंग कर सकेंगे।”
पिछले एक साल में 800 से ज्यादा ट्रेनें हुईं रद्द
रेलवे के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले एक साल में 800 से ज्यादा ट्रेनें सिर्फ ब्लॉक की वजह से रद्द की गई हैं। कभी इंटरलॉकिंग के लिए, कभी तीसरी या चौथी लाइन बिछाने के लिए और कभी अन्य निर्माण कार्यों के कारण ये ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। हालांकि, इन कार्यों की योजना पहले से होती है, लेकिन अब तक रद्द ट्रेनों की जानकारी आखिरी समय पर ही सार्वजनिक होती थी, जिससे यात्री असमंजस में रहते थे।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
नई व्यवस्था के तहत अब यात्री रेलवे की वेबसाइट, स्टेशन, ऐप और अन्य माध्यमों से पहले से जान सकेंगे कि उनकी ट्रेन चल रही है या रद्द। इससे समय, पैसा और तनाव — तीनों की बचत होगी। साथ ही रेलवे की छवि को लेकर जो शिकायतें रहती थीं, उन्हें भी कम करने में मदद मिलेगी।



