
Dhamtari Bear Attack News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वन्यजीवों की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में जंगल की तरफ जा रहे दो युवकों पर अचानक 4 भालुओं ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए एक युवक जान बचाकर भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक भालुओं के घेरे में आ गया और हमले में घायल हो गया।
तुमडीबहार के पास घटी घटना, शोर सुनकर भागे भालू
Udanti Sitanadi Tiger Reserve Incident: घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज अंतर्गत तुमडीबहार क्षेत्र की है। दोनों युवक अपने दैनिक काम से जंगल की ओर बढ़ रहे थे, तभी झाड़ियों से निकलकर 4 भालुओं ने उन पर धावा बोल दिया। भालुओं से घिरे युवक ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। युवक की आवाज और शोर सुनकर भालू सहम गए और घने जंगल की ओर लौट गए।
घायल युवक नगरी अस्पताल में भर्ती, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
Dhamtari Wildlife Alert: भालुओं के हमले में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में भय का वातावरण है। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने जंगल से लगे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अकेले जंगल की तरफ न जाने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
Also Read: धमतरी के ‘जेल’ कैफे में संदिग्ध अवस्था में मिला कर्मचारी का शव, इलाके में फैली सनसनी



