कांग्रेस को बड़ा झटका! BJP में शामिल हुई इस नगर ​पंचायत की अध्यक्ष, भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने दिलाई सदस्यता

झगराखांड नगर पंचायत की अध्यक्ष रीमा यादव ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। वह कांग्रेस के टिकट पर अध्यक्ष बनी थीं। मनेंद्रगढ़ में आयोजित भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह निर्णय लिया। उनके शामिल होने को जिले की राजनीति में कांग्रेस के लिए एक और बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

भाजपा कार्यालय का भूमिपूजन और नेताओं की मौजूदगी

मनेंद्रगढ़ में भाजपा के नए जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रेणुका सिंह और जिला भाजपा अध्यक्ष चंपा देवी पावले मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे। समारोह के दौरान ही रीमा यादव ने मंच पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा कार्यालय की जमीन की रजिस्ट्री पूरी

चैनपुर क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास बनने वाले भाजपा कार्यालय की जमीन की रजिस्ट्री भी इस मौके पर पूरी की गई। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव खुद रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे और उनके नाम से जमीन की रजिस्ट्री दर्ज हुई। नया कार्यालय बनने के बाद जिले में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

महिला मोर्चा की दो कार्यकर्ताओं के गहने चोरी

कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिला मोर्चा की दो कार्यकर्ताओं के सोने के गहने चोरी होने की घटना सामने आई। एक कार्यकर्ता का मंगलसूत्र और दूसरी का सोने का चैन चोरी हो गया। गहने गायब होने के बाद दोनों महिलाएं भावुक हो गईं। उन्होंने मामले की जानकारी विधायक रेणुका सिंह और जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले को दी और बाद में सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

सचिन पायलट के दौरे पर किरण सिंहदेव की प्रतिक्रिया

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट के जगदलपुर प्रवास पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पायलट किसी मामले को लेकर प्रदेश आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक संस्थाओं द्वारा देशहित में लिए गए फैसलों का सम्मान हर जगह होना चाहिए।

Also Read: VIDEO: सचिन पायलट की मौजूदगी में धमतरी कांग्रेस कार्यालय में हंगामा पर विधायक अजय चंद्राकर ने कसा तंज

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button