
नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे डे-नाइट वन डे क्रिकेट मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। खासकर विद्यार्थियों के लिए आरक्षित 1500 सीटों के टिकट आज सोमवार (24 नवंबर) से मिलने शुरू हो गए हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने इसके लिए बूढ़ातालाब के पास स्थित इंडोर स्टेडियम में विशेष व्यवस्था की है।
वैध आईडी दिखाकर मिलेगी केवल एक टिकट
विद्यार्थियों के लिए रियायती टिकट प्राप्त करने का काउंटर इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। छात्र-छात्राएं अपने शैक्षणिक संस्थान के चालू सत्र का वैध परिचय पत्र (आईडी) दिखाकर ₹800 में केवल एक टिकट खरीद सकते हैं। क्रिकेट संघ के डायरेक्टर बलदेव सिंग भाटिया ने बताया कि छात्रों की असुविधा से बचने के लिए यहाँ दो विशेष काउंटर बनाए गए हैं और प्रवेश के लिए उन्हें स्टेडियम के अपर-3 स्टैंड में गेट नंबर 3 से एंट्री दी जाएगी।
ऑनलाइन बुकिंग वालों के लिए 6 अलग काउंटर
जो दर्शक ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक करा चुके हैं, उनके लिए इंडोर स्टेडियम में 6 अलग काउंटर खोले गए हैं। ऑनलाइन बुकिंग वाले उपभोक्ता यहाँ अपनी आईडी दिखाए बिना सीधे अपने स्मार्टफोन से बारकोड स्कैन करके आसानी से फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। ऑनलाइन टिकट 24 नवंबर से 2 दिसंबर की शाम तक वितरित की जाएंगी। इसके अलावा, मैच वाले दिन (3 दिसंबर) दर्शकों की सुविधा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भी एक काउंटर खोलने की योजना है।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा का घेरा
टिकट वितरण के दौरान किसी भी तरह की भगदड़ या अव्यवस्था से बचने के लिए क्रिकेट संघ ने पुलिस प्रशासन और निजी सुरक्षा गार्डों (बाउंसरों) की तैनाती की है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि काउंटर की खिड़की तक पहुँचने से पहले ही, कतार में खड़े छात्रों के वैध आईडी की जांच की जा सकती है। इसके लिए कम से कम 20 स्वयंसेवकों को तैनात करने की योजना बनाई गई है।
UPI से पेमेंट की भी सुविधा
साल 2023 में न्यूजीलैंड-भारत मैच के दौरान टिकट लेने में हुई देरी और चिल्हर (खुले पैसे) को लेकर हुए हंगामे से सबक लेते हुए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काउंटर पर UPI (यूपीआई) से पेमेंट की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा, इंडोर स्टेडियम में टिकट लेने के लिए आने वालों के लिए अलग से पार्किंग का इंतजाम भी किया गया है।



