
रायपुर, 31 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सुर्खियों में है। इस बार बवाल आधी रात को हुआ, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता गुढियारी इलाके के एक घर में दाखिल हुए और वहां धर्मांतरण की गतिविधियां चलने का आरोप लगाया। मामला तूल पकड़ा, पुलिस को बीच में आना पड़ा और 5 लोगों को हिरासत में लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुढियारी थाना क्षेत्र के मुर्रा भट्टी इलाके की है। यहां भुनेश्वर यादव नाम के एक व्यक्ति के घर में प्रार्थना सभा चल रही थी। बजरंग दल का आरोप है कि इस सभा की आड़ में करीब 70 लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। शाम करीब 8 बजे इलाके में हलचल बढ़ी। बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था, और यह सब ‘गुपचुप तरीके से’ हो रहा था।

पुलिस ने क्या किया?
गुढियारी थाना प्रभारी भेखलाल चंद्राकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। वहां भारी भीड़ जमा हो चुकी थी और माहौल तनावपूर्ण था। पुलिस ने तुरंत पांच लोगों को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस उन 70 लोगों से भी पूछताछ कर रही है जिनके धर्मांतरण का दावा किया गया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि मौके पर प्रार्थना सभा जैसी गतिविधि चल रही थी, लेकिन इसे लेकर कई लोगों की राय अलग-अलग है।
कौन है भुनेश्वर यादव?
जिस मकान में यह पूरा मामला हुआ, वह भुनेश्वर यादव का बताया जा रहा है। फिलहाल भुनेश्वर से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सभा का आयोजन किसने किया, क्या उद्देश्य था, और क्या वाकई धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था?
माहौल बना संवेदनशील
धर्मांतरण को लेकर छत्तीसगढ़ में पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। इस बार भी मामला गरम है। इलाके में तनाव ना बढ़े, इसलिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तमाम तरह की बातें चल रही हैं, इसलिए प्रशासन लोगों से संयम बरतने की अपील कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामला अभी शुरुआती जांच के दायरे में है। सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। कोई भी कड़ी कार्रवाई या गिरफ़्तारी तब ही होगी जब पुख्ता सबूत सामने आएंगे।



