चंद्रखुरी में भगवान राम की भव्य नई प्रतिमा की होगी स्थापना, विधानसभा के विशेष सत्र में विधायक अजय चंद्राकर ने उठाया था मुद्दा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी के पास स्थित भगवान राम के ननिहाल चंद्रखुरी में जल्द ही प्रभु श्री राम की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। विधानसभा के विशेष सत्र में विधायक अजय चंद्राकर द्वारा इस मामले में सवाल उठाये जाने के बाद अब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि माता कौशल्या मंदिर परिसर के लिए नई प्रतिमा बनकर पूरी तरह तैयार है। ग्वालियर के मशहूर मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को उनकी मेहनत का पूरा भुगतान भी कर दिया गया है, जिसकी वजह से काम पिछले कुछ समय से अटका हुआ था। 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त के बाद किसी भी दिन इस विशालकाय प्रतिमा को रायपुर लाया जाएगा। इसके बाद पूरे धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ इसे मंदिर परिसर में प्रतिष्ठित किया जाएगा।

पिछली सरकार की प्रतिमा पर था विवाद: अनुपात और सुंदरता को लेकर भाजपा ने उठाए थे सवाल, अब बदलेगा मंदिर का स्वरूप

दरअसल, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2021 में चंद्रखुरी धाम का जीर्णोद्धार करते हुए वहां भगवान राम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा लगवाई थी। उस समय विपक्ष में रही भाजपा ने इस प्रतिमा के स्वरूप पर कड़ी आपत्ति जताई थी। भाजपा नेताओं का तर्क था कि प्रतिमा के मुख का अनुपात सही नहीं है और यह प्रभु राम की छवि के अनुरूप मनमोहक नहीं दिखती। भाजपा ने इसे कांग्रेस सरकार के ‘राम वन गमन पथ’ प्रोजेक्ट में हुआ बड़ा भ्रष्टाचार करार दिया था। सत्ता में आने के बाद साय सरकार ने पुरानी प्रतिमा को हटाकर उसकी जगह नई और भव्य प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया था, जो अब साकार होने जा रहा है।

विधानसभा सत्र में गूंजा था मुद्दा: विधायक अजय चंद्राकर ने सरकार को दिलाया था वादा याद, भ्रष्टाचार की जांच के लिए बनाई गई है विशेष कमेटी

हाल ही में विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर चर्चा के समय वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने यह मामला जोर-शोर से उठाया था। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा था कि सरकार की घोषणा के बावजूद दो साल बीत गए लेकिन अब तक मूर्ति नहीं बदली गई। जिसके बाद संस्कृति मंत्री ने सदन में सात दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया था। गौरतलब है कि राम वन गमन पथ प्रोजेक्ट में हुए खर्च की जांच के लिए सरकार ने अजय चंद्राकर की अध्यक्षता में एक सात सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी भी गठित की है, जो कांग्रेस सरकार में हुए निर्माण कार्य का जाँच कर करेगी।

श्रद्धालुओं में भारी उत्साह: मकर संक्रांति के बाद मनेगा उत्सव, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

चंद्रखुरी में नई प्रतिमा लगने की खबर से राम भक्तों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ननिहाल में भांजे राम का रूप वैसा ही होना चाहिए जैसा शास्त्रों में वर्णित है। सरकार की इस पहल से न केवल मंदिर की भव्यता बढ़ेगी बल्कि राजनीतिक गलियारों में चल रहा मूर्ति विवाद भी थम जाएगा। अब सबकी नजरें मकर संक्रांति के बाद होने वाले उस भव्य आयोजन पर टिकी हैं, जब ग्वालियर से बनकर आई प्रभु राम की यह नई छवि छत्तीसगढ़ की धरा पर कदम रखेगी।

Also Read: Vaya Vandana Yojana: बुजुर्गों के लिए बड़ी सौगात: 70 साल से ऊपर के सभी बुजुर्गों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज, वय वंदना कार्ड के लिए पंजीयन शुरू

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button