VIDEO: कथावाचक ने सतनामी समाज को कहे अपशब्द: आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ FIR, पंडाल पर फोर्स तैनात

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। कथावाचक द्वारा समाज के खिलाफ अपशब्द कहे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सतनामी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है और समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं।

वीडियो में बोले कथावाचक- ‘मूर्खों को सतनामी का मतलब समझ नहीं आता’

वायरल वीडियो में कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज कह रहे हैं कि “कितना दुख होता है कि देश का क्या होगा। आपके मोहल्ले में, आपके पड़ोस में पहले सनातनी थे, वो आज सतनामी हो गए। अरे उन मूर्खों को ये समझ नहीं आता कि सतनामी का मतलब क्या है।” उन्होंने आगे कहा कि “सत नाम किसका है, सिर्फ राम का है।” कथावाचक ने समाज को यह भी कहा कि “आप लोग अपने बच्चों को वो परवरिश नहीं दे पा रहे हैं।”

आक्रोशित समाज ने तखतपुर थाने का किया घेराव

कथावाचक के आपत्तिजनक बयान का वीडियो वायरल होते ही सतनामी समाज भड़क उठा। समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर रैली निकाली और तखतपुर थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान समाज के लोगों ने कथावाचक आशुतोष चैतन्य के विरोध में जमकर नारेबाजी की और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज के लोगों का कहना था कि व्यासपीठ से की गई ऐसी टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली है, बल्कि समाज को बाँटने का प्रयास भी है।

बवाल के बाद FIR दर्ज, पंडाल पर सुरक्षा बढ़ाई गई

सतनामी समाज के उग्र विरोध और थाने के घेराव के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। बवाल बढ़ने पर कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही, किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए तखतपुर के टिकरी पारा स्थित कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पंडाल के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुआ माहौल

तखतपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सतनामी समाज के लोगों को कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद समाज के लोग शांत हुए। हालांकि, समाज के लोगों ने कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया है। फिलहाल तखतपुर में माहौल शांत है, लेकिन पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

देखिये वीडियो-

Also Read: अमित बघेल पर 5 हजार इनाम की घोषणा: रायपुर में परिचितों के घर रेड के बाद पुलिस बोली- लुक-छिप रहे, जल्द होगी गिरफ्तारी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button