
रायपुर, 29 जनवरी 2025, CG Income Tax Raid: छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने रायपुर में सत्यम बालाजी राइस मिल ग्रुप समेत कई ठिकानों पर दबिश दी है। इस कार्रवाई में 22 स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, जिनमें रायपुर, गोंदिया, कोकीनाडा और अन्य शहरों के प्रमुख ठिकाने शामिल हैं।
आयकर विभाग ने सबसे पहले रायपुर के राजीव नगर में स्थित एक घर, जवाहर मार्केट में स्थित एक ऑफिस, राठौर चौक स्थित गोदाम, कमीशन एजेंट्स के ऑफिस और रिंग रोड पर स्थित जगुआर शोरूम समेत भनपुरी में स्थित राइस मिल पर छापे मारे। इस ऑपरेशन में करीब 200 अधिकारियों की टीम शामिल है, जिसमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा और तेलंगाना के आयकर अधिकारी भी शामिल हैं।
नकदी में लेन-देन और कर चोरी की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
आयकर विभाग का मानना है कि इस ग्रुप का कारोबार बड़ी मात्रा में नकदी में चल रहा है और इससे जुड़ी कर चोरी की शिकायतें आई हैं। विभाग ने इस शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है और अधिकारियों का एक दल दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटा हुआ है।
इन छापों से कुछ बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है, और आयकर विभाग ने अभी तक कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा है कि सभी ठिकानों पर रेड अभी जारी है। इस कार्रवाई के बाद से इस समूह के कारोबार और आयकर चोरी को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
Also Read: भाजपा को मिली बिना चुनाव के जीत, कांग्रेस को नहीं मिले प्रत्याशी



