
रायपुर: CG Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 14 दिसंबर से होने जा रही है। इसकी तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस विधायक दल की एक अहम बैठक आज 12 दिसंबर गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित होगी। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित पार्टी के सभी विधायक शामिल होंगे। बैठक शाम 4 बजे से शुरू होगी।
सदन में सरकार को घेरने के लिए बनेगी रणनीति
विधायक दल की इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सदन में सत्ता पक्ष (सरकार) को विभिन्न जन मुद्दों पर घेरने की रणनीतिक रूपरेखा तैयार करना है। कांग्रेस महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों और विभागीय कार्यों से जुड़े मामलों पर सदन में सवाल उठाने की रणनीति तैयार करेगी।
4 दिन चलेगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक कुल चार दिन चलेगा। यह सत्र नई विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। सत्र के पहले दिन राज्य सरकार की दीर्घकालीन विकास रणनीति ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ पर चर्चा होगी।
सत्र के दूसरे दिन पेश होगा अनुपूरक बजट
Financial Business: शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन, यानी 15 दिसंबर को राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इस अनुपूरक बजट में सरकार के अतिरिक्त आवश्यक खर्चों और नई योजनाओं को शामिल किया जाएगा। सत्र के दौरान अनुपूरक बजट सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है।



