CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें सड़क हादसे में बाल-बाल बचे दीपक बैज, साय सरकार बनाएगी रोड नेटवर्क का 20 वर्षीय मास्टर प्लान, पूर्व सैनिकों के खाली पद नहीं होंगे कैरी फॉरवर्ड, विकास निधियों की मांग पर NH-30 पर चक्काजाम, 9 अक्टूबर को रायपुर आएंगे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, अमित जोगी की कांग्रेस वापसी पर सस्पेंस बरकरार, रायपुर में 21 सितंबर से इंद्रेश महाराज की भागवत कथा, अंबिकापुर में दामाद ने 5 लाख की सुपारी देकर कराई ससुर की हत्या, प्रदेश के 1535 अतिथि शिक्षकों का मानदेय जारी, और ‘नमस्ते’ योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1 समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का काफिला बिलासपुर-कटघोरा मार्ग पर सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। सड़क पर अचानक आवारा मवेशी आ जाने से उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि दीपक बैज पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद बैज ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं के जमावड़े के कारण आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं।
रोड नेटवर्क का 20 वर्षीय मास्टर प्लान तैयार करेगी साय सरकार
प्रदेश में दीर्घकालिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन की बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को राज्य के सड़क तंत्र का 20 वर्षीय मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है। प्लान में भविष्य की आवश्यकताओं, कनेक्टिविटी और विकास क्षेत्रों का समग्र आकलन कर चरणबद्ध परियोजनाएं तैयार की जाएंगी।
पूर्व सैनिकों के खाली पद नहीं होंगे कैरी फॉरवर्ड
छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग ने सरकारी नौकरियों में भूतपूर्व सैनिकों के आरक्षित पदों को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। आदेश के अनुसार, सीधी भर्ती के दौरान योग्य पूर्व सैनिक अभ्यर्थी न मिलने पर खाली पदों को अगले भर्ती वर्ष में कैरी फॉरवर्ड नहीं किया जाएगा। ऐसे खाली पड़े पदों को मेरिट के आधार पर अन्य पात्र अभ्यर्थियों से भरा जाएगा, जिससे युवाओं के लिए अवसर बढ़ेंगे।
16वीं वित्त राशि और विकास कार्यों को लेकर NH-30 पर चक्काजाम
बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक मुख्यालय में बस्तर क्रांतिकारी विचार मंच के बैनर तले स्थानीय जनपद सदस्यों और सरपंचों ने एनएच-30 पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों में 16वीं वित्त और डीएमएफ की राशि जल्द जारी करने, मकान टैक्स खत्म करने तथा कड़मा पंचायत में पैसों के कथित गबन के मामले में संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 9 अक्टूबर को आएंगे रायपुर
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आगामी 9 अक्टूबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। वे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल द्वारा आयोजित आरपीएफ (RPF) स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रेल मंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और स्टेशन परिसर की तैयारियों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमित जोगी की कांग्रेस में वापसी पर सस्पेंस, राजीव भवन में हुई अनुशासन समिति की बैठक
रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चेयरमैन धनेंद्र साहू की अध्यक्षता और एICC सह-प्रभारियों की मौजूदगी में अनुशासन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में निष्कासित नेताओं की वापसी के 36 आवेदनों पर चर्चा की गई। पूर्व विधायक अमित जोगी के प्रकरण को फिलहाल विचारणीय मानते हुए लंबित रखा गया है। साथ ही पार्टी विरोधी बयानबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।
प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश महाराज की श्रीमद्भागवत कथा 21 सितंबर से रायपुर में
युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज की सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा 21 से 27 सितंबर तक रायपुर के कृषि उपज मंडी ग्राउंड, देवेंद्र नगर में आयोजित होगी। आयोजन समिति द्वारा वाटरप्रूफ पंडाल, विशाल पार्किंग और पेयजल की व्यवस्था की गई है। कथा से पूर्व 21 सितंबर को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी और रोजाना दोपहर 2 से 5 बजे तक कथा का आयोजन होगा।
अंबिकापुर में दामाद ने 5 लाख की सुपारी देकर कराई ससुर की हत्या
अंबिकापुर के रसूलपुर में पारिवारिक व तलाक विवाद के चलते दामाद नाजिम शबा ने झारखंड से भाड़े के गुंडे बुलाकर अपने ससुर वसीरुद्दीन सिद्दीकी की चाकू से हमला करवाकर हत्या करा दी। आरोपियों ने किराए का मकान देखने के बहाने घर में प्रवेश किया था। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी दामाद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रदेश के 1535 अतिथि शिक्षकों को मिली राहत, जारी हुआ 6 महीने का मानदेय
राज्य सरकार ने प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1535 अतिथि शिक्षकों के 6 माह के मानदेय भुगतान के लिए 18.42 करोड़ रुपये का बजट आवंटन जारी कर दिया है। प्रति शिक्षक ₹20,000 मासिक दर से 6 महीने के लिए ₹1.20 लाख का भुगतान किया जाएगा। इसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों और बलरामपुर (सर्वाधिक 220 शिक्षक) के शिक्षकों को मुख्य रूप से लाभ मिलेगा।
‘नमस्ते’ योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1
सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले स्वच्छता मित्रों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संचालित केंद्र सरकार की ‘नमस्ते’ (NAMASTE) योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने देशभर में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में 1,428 कर्मियों को पीपीई सुरक्षा किट और 1,374 सफाई मित्रों को आयुष्मान भारत कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

