CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बलरामपुर करमा महोत्सव में भाजपा खींचतान, ED की कई जिलों में छापेमारी, शराब घोटाला आरोपी विकास अग्रवाल भारत लाया गया, CGPSC अध्यक्ष नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त, जनगणना 2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से, परिसीमन से 135 विधानसभा व 17 लोकसभा सीटों की संभावना, 14 साल बाद लापता बालिका ग्रेटर नोएडा से बरामद, ‘कबरा हाथी’ शांत व झुंड में शामिल, जांजगीर-चांपा में 50 लाख के नशीले पदार्थ नष्ट और NMDC भर्ती पर युवाओं का आंदोलन समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
शराब घोटाला आरोपी भारत लाया गया
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इंटरपोल के रेड नोटिस के जरिए उसे गिरफ्तार कराया था, जिसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम आरोपी को छत्तीसगढ़ लाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर रही है।
केंद्रीय कैबिनेट में महिला आरक्षण को मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि होने पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा सीटें 11 से बढ़कर 17 हो सकती हैं, जिससे प्रदेश का राजनीतिक नक्शा बदल सकता है।
जनगणना दूसरे चरण की तैयारी
छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश में 72 हजार से अधिक प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की तैनाती होगी, 10 से 24 जनवरी 2027 तक ऐच्छिक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी और 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर डिजिटल गणना होगी।
एनएमडीसी भर्ती पर आज प्रदर्शन
एनएमडीसी (NMDC) की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया को लेकर दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के बेरोजगार युवा आज किरंदुल और बचेली स्थित परियोजनाओं के सामने बड़ा प्रदर्शन करेंगे। आंदोलन को देखते हुए शुक्रवार रात से ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, इलाके में दुकानें बंद कराई गई हैं और युवाओं ने परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की है।
ED की कई जिलों में दबिश
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई जिलों में एक साथ दबिश दी है। विभिन्न ठिकानों पर की गई इस छापेमारी के संबंध में फिलहाल आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है।
CGPSC अध्यक्ष नियुक्ति पर हाईकोर्ट का नोटिस
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने व प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं और समय-सीमा में नियुक्ति न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
14 साल बाद लापता युवती ग्रेटर नोएडा में मिली
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलिडीह से वर्ष 2012 में 14 साल की उम्र में लापता हुई बालिका को पुलिस ने 14 साल बाद सकुशल खोज निकाला है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, सोशल मीडिया और NATGRID की मदद से उसे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दस्तयाब कर 23 नवंबर को धमतरी पहुंचाया।
कबरा हाथी अब झुंड में शांत
सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी के व्यवहार में कॉलर आईडी लगाए जाने के बाद बदलाव आया है और वह पिछले 10 दिनों से आबादी क्षेत्रों से दूर है। फिलहाल वह उदयपुर वन परिक्षेत्र में 17 हाथियों के झुंड के साथ विचरण कर रहा है, जिसके बाद विशेष टीम व प्रशिक्षित हाथियों को वापस भेजा गया है।
50 लाख के नशीले पदार्थ नष्ट
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के तहत जब्त किए गए 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया है। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में कोटाडाबरी, चांपा स्थित औद्योगिक भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।
करमा महोत्सव में मंच हंगामा
बलरामपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान भाजपा की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई। मंच पर जगह नहीं मिलने से नाराज भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास केसरी ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
