Suicide Case: नगरी में सार्वजनिक शौचालय में सफाई कर्मचारी की फंदे पर लटकी हुई मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी

धमतरी: Suicide Case: नगर पंचायत नगरी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सफाई कर्मचारी की लाश सार्वजनिक शौचालय में फंदे पर लटकी हुई मिली। मृतक की पहचान रमेश गौर, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी चुरियारा पारा वार्ड, नगरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है।

सुबह-सुबह शव देखकर दहशत में आए लोग

घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। रमेश ने बजरंग चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब स्थानीय लोग शौच के लिए पहुंचे, तो रमेश का शव फंदे पर झूलता देख दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

आत्महत्या के कारण अभी अज्ञात

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि रमेश की ड्यूटी रात्रि 10 बजे तक होती थी, जिसके बाद वह गेट बंद कर चला जाता था। हालांकि, शौचालय के पास एक अन्य गेट खुला रहता है, ताकि आम लोग सुविधा का उपयोग कर सकें। रमेश पिछले एक वर्ष से अस्थायी रूप से शौचालय परिसर में कार्यरत था, इसलिए वह स्थान से भली-भांति परिचित था।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नगरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रमेश ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम क्यों उठाया। पुलिस पारिवारिक, मानसिक और सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

परिवार और मोहल्ले में पसरा मातम

रमेश की अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग स्तब्ध हैं कि रमेश जैसा सीधा-साधा व्यक्ति इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है। परिजन भी इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।

Also Read: Bharatmala Project Patwari Suicide: “मैं दोषी नहीं हूँ” लिखकर निलंबित पटवारी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, भारतमाला प्रोजेक्ट में था आरोपी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button