Live In Relationship Marriage Refusal: लिव-इन पार्टनर ने दिया धोखा, 2 महीने साथ रहे, फिर शादी से किया इंकार, जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था आरोपी, डिस्चार्ज होते ही हुआ फरार

Live In Relationship Marriage Refusal: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक आपराधिक मामला सामने आया है। सिंधी कॉलोनी के एक किराना व्यवसायी पर शादी का झांसा देकर दो महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखने और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। पीड़िता ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी व्यवसायी के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। केस दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी व्यवसायी मौके से फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जनवरी में हुई थी पहचान, शादी का झांसा देकर घर में रखा

सरकंडा थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की रहने वाली है। चालू वर्ष के जनवरी महीने में उसकी पहचान बिलासपुर की सिंधी कॉलोनी में रहने वाले एक किराना व्यवसायी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। पीड़िता का आरोप है कि व्यवसायी ने उससे शादी करने का वादा किया और उसे अपने घर ले आया। वहां दोनों करीब दो महीने तक साथ रहे। इस दौरान आरोपी ने सरकंडा स्थित एक होटल में भी ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

दो महीने बाद घर वापस भेजा, फिर शादी से करने लगा इंकार

करीब दो महीने तक साथ रखने के बाद आरोपी व्यवसायी ने युवती को उसके गृह जिला वापस भेज दिया। युवती का कहना है कि इसके बाद जब भी उसने फोन पर या मिलकर शादी की बात की, तो आरोपी हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टालता रहा। कुछ समय बाद उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और पीड़िता से दूरी बनाने लगा। व्यवसायी के इस व्यवहार से परेशान होकर युवती ने बिलासपुर पहुंचकर सरकंडा पुलिस स्टेशन में आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था आरोपी, डिस्चार्ज होते ही हुआ फरार

पुलिस जांच में एक और बात सामने आई है। एफआईआर दर्ज होने से लगभग चार दिन पहले आरोपी व्यवसायी ने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसके बाद परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। दो दिन पहले जब उसे अस्पताल से छुट्टी मिली, तब पीड़िता ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने बात करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसकी जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया।

सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश में जुटी टीम

पीड़िता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में दुष्कर्म का अपराध कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके साथ ही होटल के रिकॉर्ड और अन्य भौतिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

Also Read: CG Cyber Blackmailing: छत्तीसगढ़ में सेक्सटॉर्शन का शिकार युवक, अश्लील वीडियो कॉल कर किया ब्लैकमेल, परेशान होकर युवक ने की खुदकुशी, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button