CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र बने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश, सुकमा में भारी मात्रा में नक्सली डंप बरामद, पीएम किसान योजना में 11 हजार संदिग्ध किसान चिन्हित, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में रायपुर को छठा स्थान और सरगुजा में छात्राओं का पदयात्रा प्रदर्शन समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

सुकमा के जंगलों में भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

सुकमा: चिंतालनार थाना क्षेत्र के चिन्नाबोड़केल पहाड़ी-जंगल में सुरक्षा बलों की संयुक्त सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ भारी डम्प बरामद किया गया है। सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में 1 भरमार बंदूक, 57 बीजीएल पाइप, 3 आईडी कंटेनर, वायरलेस सेट, इलेक्ट्रिक तार, डेटोनेटर और डेटोनेटर जैसी कई विस्फोटक सामग्रियां व दैनिक उपयोग का सामान जब्त किया गया है।

रायपुर में आम आदमी पार्टी का शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर प्रदर्शन

रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बिजली समेत सात प्रमुख मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने रायपुर के नलघर चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई।

न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र बने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश

रायपुर: उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश रहे न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर के लोकभवन स्थित ‘छत्तीसगढ़ मण्डपम्’ में आयोजित समारोह में उन्हें 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

छत्तीसगढ़ एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे पर धोखाधड़ी का आरोप

रायपुर: एनएसयूआई के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, उनके भाई और चाचा के खिलाफ एक युवक ने 29 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि सिप्ला कंपनी की डीलरशिप, अस्पताल में नौकरी और रेत खदान दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग माध्यमों से यह रकम वसूली गई है।

एशिया कप जूनियर विमेंस हॉकी में छत्तीसगढ़ की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

चीन: चीन के मोकी में चल रहे एशिया कप विमेंस जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया है। बिलासपुर के एक्सीलेंस सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाली गीता यादव और मधु सिदार के शानदार गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया और मलेशिया जैसी मजबूत टीमों को करारी शिकस्त दी है।

सरगुजा में 30 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलीं एकलव्य स्कूल की छात्राएं

सरगुजा: बतौली के शिवपुर स्थित एकलव्य विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने हॉस्टल में एक महीने से बिजली न होने, साफ-सफाई की कमी और पढ़ाई में लापरवाही के विरोध में अनोखा कदम उठाया। बिना किसी हंगामे के करीब 30 किलोमीटर पैदल चलकर अंबिकापुर पहुंची छात्राओं ने सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मिलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिसके बाद कलेक्टर ने तुरंत अधिकारियों को फटकार लगाई।

पीएम किसान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: 11 हजार से अधिक संदिग्ध किसान चिन्हित

रायपुर: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत रायपुर जिले में चलाए गए सत्यापन अभियान में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जांच के दौरान 11 हजार से ज्यादा संदिग्ध किसान मिलने पर प्रशासन ने 4,800 संयुक्त (जॉइंट) खातों पर रोक लगा दी है, जबकि 1,310 अपात्र और 2,000 से अधिक मृत किसानों की आईडी ब्लॉक कर दी गई है।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले 9 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़ दौरे पर

रायपुर: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले 9 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रायपुर और बिलासपुर में अधिकारियों के साथ केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन, सामाजिक न्याय के मुद्दों और एससी-एसटी बैकलॉग पदों पर नियुक्तियों की समीक्षा बैठकों के अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ की चेतावनी: 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन बस सेवा बंद

रायपुर: अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने सरकार को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्री किराया बढ़ाने, ई-बसों के संचालन और सिंगल स्लीपर टैक्स जैसी मांगें 21 सितंबर तक पूरी नहीं की गईं, तो प्रदेशभर में 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन बस संचालन ठप कर दिया जाएगा।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026: रायपुर ने देश में हासिल किया छठा स्थान

रायपुर: वायु प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण सुधार की दिशा में काम करते हुए रायपुर नगर निगम ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने छठा स्थान प्राप्त किया है, और पिछले तीन वर्षों में शहर के पीएम-10 के स्तर में करीब 14 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button