CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें उच्च शिक्षा में प्रवेश की तारीख बढ़ी, CGPSC मामले में एडिशनल कलेक्टर गिरफ्तार, स्वाइन फ्लू का प्रकोप, नागपुर हाईवे पर भीषण हादसा, राशन न मिलने पर CM साय सख्त, स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का प्रदर्शन, हिरासत में मौत पर पुलिस पर गाज, 650 किलो एनालॉग पनीर जब्त, आदिवासी जमीन खरीद पर सख्ती और बिना GPS बस चालकों को नोटिस समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

उच्च शिक्षा विभाग ने बढ़ाई प्रवेश की अंतिम तारीख

छत्तीसगढ़ के कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश से वंचित छात्रों के हित में उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 19 सितंबर 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे, हालांकि यह सुविधा केवल रिक्त सीटों की उपलब्धता की स्थिति में ही लागू होगी।

CGPSC गड़बड़ी मामला एडिशनल कलेक्टर को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीजीपीएससी (CGPSC) गड़बड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कसते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर चेतन बरघोरिया को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का प्रकोप जारी

प्रदेश में स्वाइन फ्लू (Influenza H1N1) के मामलों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, एक दिन में 30 नए मरीज मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 407 हो गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।

रायपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में रायपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। इस भीषण दुर्घटना में 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भंडारा और नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन न मिलने पर सीएम साय सख्त

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के आमानारा गांव में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद कलेक्टर ने मामले की जांच कराई और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित राशन दुकान को निलंबित कर दिया, साथ ही प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक दुकान से राशन आपूर्ति शुरू कर दी है।

स्मार्ट मीटर के अनिवार्य किए जाने पर कांग्रेस का विरोध

राजधानी रायपुर में स्मार्ट मीटर अनिवार्य किए जाने कथित केंद्रीय आदेश के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव गांधी चौक पर उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के आदेश की प्रतियों और पुतले को जलाकर अपनी नाराजगी जताई तथा राज्य और केंद्र सरकार पर जनता से धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया।

पुलिस हिरासत में युवक की मौत का मामले में बड़ा एक्शन

जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में अवैध शराब बिक्री के आरोप में हिरासत में लिए गए कुल्लू उर्फ शिव साहिस की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। परिजनों द्वारा प्रताड़ना के आरोपों के बीच एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने चांपा थाना प्रभारी और एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) को लाइन अटैच कर दिया है, जबकि एक आरक्षक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

रायपुर में 650 किलो एनालॉग पनीर जब्त, ओडिशा भेजा जा रहा था खेप

रायपुर के बीरगांव स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में अवैध रूप से तैयार किया जा रहा 650 किलो एनालॉग पनीर खाद्य एवं सेफ्टी विभाग ने जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन समेत जब्त किया है। छत्तीसगढ़ में इस अमानकीकृत डेयरी उत्पाद के निर्माण और बिक्री पर 31 जुलाई 2026 से प्रतिबंध है, और विभाग ने सैंपल को जांच के लिए लैब भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में आदिवासी जमीन की बेनामी खरीद पर रोक, होगी सूक्ष्म जांच

राज्य सरकार ने आदिवासी भूमि के अप्रत्यक्ष और बेनामी हस्तांतरण पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। अब गैर-आदिवासी लोग नौकर या रिश्तेदारों के नाम पर जमीन नहीं खरीद सकेंगे, और पुराने व नए ऐसे सभी संदिग्ध मामलों की सूक्ष्म जांच कर दोषी पाए जाने पर जमीन मूल आदिवासी खातेदार को वापस लौटाई जाएगी।

जीपीएस के बिना दौड़ रहीं 2 हजार यात्री बसें, परिवहन विभाग ने दिए नोटिस

छत्तीसगढ़ में बिना व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) के संचालित हो रही करीब दो हजार यात्री बसों की परिवहन विभाग ने पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया है। फिटनेस जांच के नियमों का उल्लंघन कर डिवाइस बंद करने या वायरिंग निकालने वाले संचालकों द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके परमिट रद्द किए जा सकते हैं।

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button