CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें जशपुर में मिर्ची की आड़ में 2.40 करोड़ का गांजा जब्त, अवैध खनन पर 3 करोड़ का जुर्माना, स्वामी आत्मानंद स्कूलों में भर्ती शुरू, PGBT कॉलेज फर्जीवाड़े पर FIR, निलंबित IPS डांगी मामले में आरोप प्रमाणित, आरंग में मवेशी तस्करी का पर्दाफाश, प्रशंसा पांडे संसद भवन में करेंगी प्रतिनिधित्व, मोहला-मानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पर अविश्वास प्रस्ताव, बिलासपुर जेल प्रहरी से मारपीट पर गिरफ्तारी और कवर्धा में प्रेमी जोड़े का शव बरामद समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
जशपुर में मिर्ची की आड़ में गांजा तस्करी, 2.40 करोड़ का माल जब्त
जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लावाकेरा बैरियर पर एक मिनी ट्रक से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाया गया 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे और ट्रक की कुल कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मटिया गांव में अवैध पत्थर उत्खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 3 करोड़ का जुर्माना
रायपुर जिले के मटिया गांव में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध पत्थर खनन के मामले में खनिज विभाग ने कड़ा शिकंजा कसा है। विभाग ने अवैध खनन में लिप्त पांच ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई है।
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1,812 पदों पर संविदा भर्ती शुरू, नया नियम लागू
राज्य के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक के 1,812 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी हो गई है। अभ्यर्थी 21 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। नए नियम के तहत पहले से कार्यरत संविदा कर्मचारी समान पद पर आवेदन नहीं कर सकेंगे, वे केवल उच्च पद के लिए पात्र होंगे।
बिलासपुर PGBT कॉलेज में फर्जी दस्तखत से 5 प्राध्यापकों का ट्रांसफर, एफआईआर
बिलासपुर के उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान (PGBT कॉलेज) में सेवानिवृत्त प्राचार्य के फर्जी हस्ताक्षर और सील का दुरुपयोग कर 5 प्राध्यापकों के तबादले का कूटरचित प्रस्ताव तैयार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेवानिवृत्त प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
निलंबित IPS रतनलाल डांगी मामले में आरोप प्रमाणित, हाईकोर्ट में अगली सुनवाई अगले सप्ताह
महिला उत्पीड़न मामले में निलंबित आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी के खिलाफ प्राथमिक जांच में आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में जानकारी दी कि आगे की जांच के लिए आईपीएस दीपांशु काबरा और प्रशांत कुमार अग्रवाल का नाम प्रस्तावित किया गया है।
आरंग में मवेशी तस्करी का पर्दाफाश, लावारिस गाड़ी में 13 भैंसों की मौत
नेशनल हाईवे-53 पर मंदिर हसौद के उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास लावारिस मिले एक मालवाहक वाहन से 15 भैंसें बरामद की गईं। क्षमता से अधिक मवेशी ठूंसकर भरे होने के कारण दम घुटने से 13 भैंसों की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक और तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर की प्रशंसा पांडे संसद भवन में करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर की छात्रा प्रशंसा पांडे का चयन महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता प्रशंसा को कॉलेज परिवार ने सम्मानित किया।
मोहला-मानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
मोहला-मानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह की कार्यप्रणाली से नाराज होकर भाजपा व कांग्रेस समर्पित सभी 10 सदस्यों ने एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन कलेक्टर को सौंपा है। सदस्यों ने अध्यक्ष पर फैसलों में पारदर्शिता न बरतने का आरोप लगाया है।
बिलासपुर जेल में मोबाइल रोकने पर जेल प्रहरी से मारपीट, दो गिरफ्तार
बिलासपुर सेंट्रल जेल के मुलाकाती कक्ष में मोबाइल ले जाने से रोकने पर दो युवकों ने जेल प्रहरी पुरुषोत्तम सिंह के साथ मारपीट की। घटना के बाद भाग निकले दोनों आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कवर्धा में प्रेमी जोड़े का फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
कबीरधाम (कवर्धा) जिले में एक प्रेमी जोड़े का शव पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

