कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के बस्तर दौरे पर विधायक अजय चंद्राकर का तंज, कहा- ‘बाढ़ के समय आए नहीं, अब राजनीति करने आ रहे’

Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के बस्तर दौरे और जगदलपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब बस्तर के लोग बाढ़ की विभीषिका झेल रहे थे, तब सुखदेव भगत वहां झांकने तक नहीं आए। अब जब स्थितियां सामान्य हो चुकी हैं और शासन की ओर से तमाम राहत व्यवस्थाएं कर ली गई हैं, तब वे राजनीति चमकाने पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने तुरंत किया था दौरा, अब सिर्फ राजनीति

अजय चंद्राकर ने सरकार के प्रयासों का ब्योरा देते हुए कहा कि बाढ़ आपदा के समय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिना देर किए बस्तर का दौरा किया था। प्रशासन की ओर से राहत और पुनर्वास के तमाम जरूरी उपाय समय पर पूरे कर लिए गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संकट टल जाने के बाद अब कांग्रेस नेता सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए बस्तर का रुख कर रहे हैं।

पहले झारखंड में सरकार न बनने के कारण तलाशें

कांग्रेस प्रभारी पर हमला जारी रखते हुए भाजपा नेता ने पड़ोसी राज्य झारखंड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सुखदेव भगत को बस्तर में माहौल बनाने के बजाय पहले इस बात की आत्मसमीक्षा करनी चाहिए कि झारखंड में उनकी पार्टी की सरकार क्यों नहीं बन पाई। उन्हें उन कारणों को ढूंढना चाहिए जिनकी वजह से वहां पार्टी को नाकामी हाथ लगी।

कोल घोटाले पर बोले चंद्राकर, जांच एजेंसी के पास सारे सबूत

Coal Scam Charge Sheet: एसीबी और ईओडब्ल्यू द्वारा कोयला घोटाले में कांग्रेस नेताओं सहित 12 लोगों के खिलाफ चालान पेश किए जाने पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों ने अपने स्तर पर निष्पक्ष काम किया है और अब पूरा मामला अदालत के विचाराधीन है। इस मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वे कांग्रेस के रसूखदार चेहरे हैं। इन लोगों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सारी सीमाएं लांघ दी थीं और उनकी हर गतिविधि का ब्योरा जांच दल के पास मौजूद है।

चिंतामणि महाराज का नाम हटाने के आरोप पर पलटवार

Devendra Yadav Charge: कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा जांच के दौरान चिंतामणि महाराज का नाम हटाए जाने के आरोपों को भी चंद्राकर ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को अच्छी तरह पता है कि केस में किसकी क्या भूमिका है और किसका नाम शामिल किया जाना चाहिए। अगर देवेंद्र यादव को लगता है कि किसी का नाम जानबूझकर हटाया गया है, तो उन्हें बयानबाजी करने के बजाय सीधे अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए।

बस्तर दौरे से पहले छत्तीसगढ़ में गरमाई सियासत

Bastar Politics News: जगदलपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन से ठीक पहले अजय चंद्राकर के इन बयानों ने राज्य के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। एक ओर जहां कांग्रेस बस्तर के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं भाजपा ने प्रभारी के पुराने रिकॉर्ड और कोल घोटाले के चालान को हथियार बनाकर पलटावार तेज कर दिया है।

Also Read: Chhatron Ki Goonj in CG: छत्तीसगढ़ में गूंजेगी छात्रों की आवाज, जल्द दौरे पर आ सकते हैं राहुल गांधी, जानिए क्या है पूरा प्लान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button