
Maa Angarmoti Madai Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित गंगरेल बांध के तट पर विराजमान मां अंगारमोती के दरबार में आज आस्था की अनोखी तस्वीर देखने को मिली है। हर साल दीवाली के बाद पड़ने वाले पहले शुक्रवार को यहां ऐतिहासिक मड़ई मेले का आयोजन किया जाता है। इस पावन अवसर पर सैकड़ों निसंतान महिलाएं अपनी सूनी गोद भरने की कामना लेकर मंदिर परिसर पहुंचीं। इस पारंपरिक और अनोखे मेले का साक्षी बनने के लिए प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों से हजारों श्रद्धालु गंगरेल पहुंचे हैं।

सदियों पुरानी परण प्रथा का निभाया गया नियम
Dhamtari Gangrel Angarmoti Temple Tradition: मंदिर परिसर में होने वाली इस विशेष धार्मिक प्रक्रिया को स्थानीय भाषा में परण प्रथा के नाम से जाना जाता है। इस परंपरा के तहत संतान सुख की इच्छा रखने वाली महिलाएं सुबह से ही मंदिर प्रांगण में एकत्र हो जाती हैं। महिलाएं अपने बाल खुले रखकर और दिनभर निराहार रहकर देवी की आराधना करती हैं। वे अपने हाथों में नारियल, नींबू और पूजन सामग्री लेकर माता के दरबार के सामने कतारबद्ध होकर जमीन पर पेट के बल लेट जाती हैं।
देखें वीडियो-
400 मीटर लंबे रास्ते पर लेटी रहीं सैकड़ों महिलाएं
Gangrel Dam Angarmoti Mata Mandir: इस वर्ष मड़ई मेले में श्रद्धालुओं और मन्नत मांगने वाली महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आस्था का आलम यह था कि मां अंगारमोती के मुख्य गर्भगृह से लेकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक लगभग 400 मीटर का पूरा रास्ता जमीन पर लेटी हुई महिलाओं से भर गया। घंटों तक तेज धूप और भीड़ के बीच महिलाएं अनुशासित तरीके से लेटी रहकर मुख्य पुजारी यानी बैगा के आगमन की प्रतीक्षा करती रहीं।
बैगा के पैरों के स्पर्श से पूरी होती है मनोकामना
Gangrel Dam Angarmoti Mata Mandir: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब मंदिर के मुख्य पुजारी और बैगा विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद देवी का प्रतीक लेकर मंदिर की ओर बढ़ते हैं, तो कहा जाता है कि उन पर स्वयं मां अंगारमोती की शक्ति सवार रहती है। इसी दौरान बैगा जमीन पर लेटी हुई इन महिलाओं की पीठ के ऊपर से चलते हुए मंदिर के भीतर प्रवेश करते हैं। ऐसी अटूट मान्यता है कि जिन महिलाओं के शरीर पर बैगा के पैरों का स्पर्श होता है, उनकी सूनी गोद जल्द ही हरी हो जाती है।

प्रशासन और मंदिर समिति ने किए सुरक्षा के इंतजाम
Dhamtari Angarmoti Temple: मड़ई मेले में उमड़ने वाली हजारों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे यह पारंपरिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।



