CM जनदर्शन में पहुंची अधिकारियों पर कमीशनखोरी की शिकायत, 120 सरपंचों ने बताई परेशानी, फसल बीमा क्लेम और पीएम आवास की किस्त को लेकर निराकरण की मांग

CM Jandarshan Raipur: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार को लंबे अंतराल के बाद जनदर्शन का आयोजन किया गया, जहां प्रदेश के अलग अलग जिलों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीयता के साथ लोगों की बातें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के स्पष्ट निर्देश दिए, वहीं इस दौरान किसी ने फसल नुकसान के बीमा क्लेम में आ रही अड़चनों का मुद्दा उठाया तो किसी ने जमीन विवाद और विस्थापन के बाद पूरी भूमि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई।

दो हजार से ज्यादा आवेदन हुए प्राप्त

CM Vishnu Deo Sai Jandarshan News Today: लंबे समय बाद आयोजित हुए इस जनदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी दी कि प्रदेशभर से 2,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें आर्थिक सहयोग, निर्माण कार्य, राजस्व विवाद और जनसुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल हैं। जनदर्शन में 120 सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों पर कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी परेशानी बताई, इसके अलावा शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति, शिक्षकों के युक्तिकरण, प्रधानमंत्री आवास की रुकी हुई किस्त, गांवों में सड़क, स्कूल, धान खरीदी केंद्र, छत्तीसगढ़ी को पढ़ाई में लागू करने, पक्षियों के संरक्षण और मार्शल आर्ट ट्रेनर को प्रशासनिक सहयोग राशि दिलाने जैसी मांगें भी सामने आईं।

बुजुर्गों को श्रवण यंत्र और ट्राईसाइकिल का वितरण

जनदर्शन के दौरान जरूरतमंद नागरिकों को तत्काल राहत देते हुए बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई और सुनने की समस्या से जूझ रहे लोगों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। कोरबा से आए 83 वर्षीय परसराम राठौर को मौके पर ही श्रवण यंत्र और चश्मा दिया गया, जिससे करीब 30 साल से सुनने की परेशानी झेल रहे बुजुर्ग ने राहत मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया, वहीं भाटापारा के बलवंत यादव को भी श्रवण यंत्र उपलब्ध कराते हुए उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

छह वर्षीय बच्चे के उपचार के लिए सहायता निर्देश

मुख्यमंत्री निवास में पहुंचे रायपुर के 6 वर्षीय बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर चिकित्सीय उपचार के लिए मुख्यमंत्री ने तत्काल आर्थिक सहायता की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में शामिल हुए अन्य आवेदकों की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनदर्शन में पहुंची सोलह प्रमुख शिकायतें और मांगें

गुरुवार को आयोजित सीएम जनदर्शन में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई इन 16 प्रमुख शिकायतों और मांगों पर विशेष चर्चा रही।

  1. फसल नुकसान और बीमा क्लेम के भुगतान में आ रही परेशानी।
  2. पारिवारिक व राजस्व जमीन का बंटवारा लंबे समय से नहीं होना।
  3. शिक्षकों के युक्तिकरण के बाद 40 किलोमीटर दूर ट्रांसफर किए जाने की समस्या।
  4. 100 साल पुराने जलाशय में आने वाली चिड़ियों के संरक्षण की मांग।
  5. गांव में मुक्तिधाम की सड़क, धान खरीदी केंद्र और हाईस्कूल खोलने की मांग।
  6. छत्तीसगढ़ी भाषा को राजभाषा और स्कूली पढ़ाई में लागू करने की मांग।
  7. 120 सरपंचों द्वारा एसडीओ और सीईओ पर कमीशनखोरी की शिकायत।
  8. शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति और नियमितीकरण किए जाने की मांग।
  9. विस्थापित किसानों को उनकी पूरी जमीन वापस दिलाने की मांग।
  10. मार्शल आर्ट ट्रेनर को प्रशासन की ओर से सहयोग राशि नहीं मिलने की शिकायत।
  11. आजादी के बाद से गांव में सड़क नहीं बनने पर ग्रामीणों द्वारा निर्माण की मांग।
  12. स्वच्छता निरीक्षक की भर्ती प्रक्रिया 7 साल से अटकी होने की शिकायत।
  13. 53 लाख रुपये की आर्थिक ठगी के मामले में कार्रवाई की शिकायत।
  14. पाली के किसान का आरोप कि तहसीलदार ने 5 साल से रकबा शून्य कर रखा है।
  15. जीपीएम जिले के लक्ष्मीकांत शर्मा को अविवाहित होने के कारण पीएम आवास का लाभ नहीं मिलना।
  16. पलारी की महिला को पीएम आवास की केवल 40,000 रुपये की 1 किस्त मिलना और आगे की राशि रुकना।

Also Read: Mahtari Vandan Yojana Expansion: महतारी वंदन योजना पर बड़ा फैसला, अब दिव्यांग महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को भी हर महीने मिलेंगे 1000 रुपये

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button