CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें पीएम आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, बिना निर्माण हितग्राहियों के खातों से निकले लाखों; अपार आईडी निर्माण में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, 50 लाख से ज्यादा छात्रों की बनी ID; झारखंड ACB की फिल्मी कार्रवाई, शराब कारोबारी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार; सीएम जनदर्शन में लकवाग्रस्त महिला को 5 लाख की त्वरित सहायता; एकीकृत छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल की मांग तेज; अंबिकापुर कोर्ट में लव जिहाद विवाद पर हंगामा; गरियाबंद-नवापारा में नकली कफ सिरप का भंडाफोड़, मेडिकल स्टोर पर FIR; ACB रेड में रिश्वत लेते सहायक ग्रेड-2 लिपिक गिरफ्तार; खैरागढ़ राजपरिवार में मतदाता सूची को लेकर विवाद, तहसीलदार ने जारी किया नोटिस; और हाईकोर्ट ने प्राथमिक हेड मास्टर से लेक्चरर पदोन्नति पर लगाई रोक समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

पीएम आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, बिना निर्माण के खाते से निकले पैसे

जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत बलौदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर हितग्राहियों से लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अवनींद्र कटकवार सहित अन्य पीड़ितों का आरोप है कि ठेकेदार अंकित सोनी और नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भौतिक सत्यापन और फोटो खींचने के बहाने उनके डिजिटल अंगूठे के निशान लिए। इसके बाद, बिना किसी निर्माण कार्य के ईएसएएफ (ESAF) बैंक खाते से आवास की राशि निकाल ली गई। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

अपार आईडी (APAAR ID): छत्तीसगढ़ बड़े राज्यों में देश में अव्वल

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों के लिए ‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’ यानी अपार आईडी निर्माण में छत्तीसगढ़ ने देशभर में कीर्तिमान स्थापित किया है। 7 जनवरी 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 57,045 स्कूलों के 50.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों की आईडी बनाई जा चुकी है। 88.63 प्रतिशत की इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ बड़े राज्यों की श्रेणी में पहले स्थान पर है, जो राज्य की मजबूत डिजिटल शैक्षणिक संरचना को दर्शाता है।

झारखंड ACB की बड़ी कार्रवाई; छत्तीसगढ़ और झारखंड दोनों राज्यों के घोटालों में है नाम

छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी के संचालक और शराब कारोबारी नवीन केडिया को झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गोवा से फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया है। केडिया पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 243.72 करोड़ रुपये कमीशन देने और झारखंड में अवैध रूप से देसी शराब सप्लाई कर सरकार को करोड़ों का चूना लगाने का आरोप है। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है, जहाँ उनसे सिंडिकेट और वित्तीय लेन-देन के बारे में पूछताछ की जाएगी।

सीएम जनदर्शन: लकवाग्रस्त महिला के इलाज के लिए 5 लाख रुपये तत्काल मंजूर

रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मानवीय पहल करते हुए मुख्यमंत्री ने एक लकवाग्रस्त महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए ‘मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना’ से तत्काल 5 लाख रुपये स्वीकृत किए। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी बांटे गए।

छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल: सभी भर्तियों की जानकारी अब एक ही प्लेटफॉर्म पर देने की मांग

छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने प्रदेश के युवाओं के लिए एक एकीकृत ‘रोजगार पोर्टल’ शुरू करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में सरकारी और निजी क्षेत्रों की रिक्तियों की जानकारी अलग-अलग जगहों पर होने से युवाओं को परेशानी होती है। एक ही पोर्टल पर सभी शासकीय भर्तियों और निजी संस्थानों के रिक्त पदों की जानकारी होने से बेरोजगारों को सही समय पर अवसर मिल सकेंगे।

लव जिहाद विवाद: अंबिकापुर कोर्ट में आदिवासी युवती और मुस्लिम युवक के विवाह पर हंगामा

सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक मुस्लिम युवक और आदिवासी युवती के कोर्ट मैरिज की कोशिश पर जमकर हंगामा हुआ। हिंदू संगठनों और कुछ वकीलों ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए विरोध जताया। कोर्ट परिसर में तनाव की स्थिति बन गई और युवक के साथ मारपीट की खबरें भी आईं। विरोध के चलते फिलहाल विवाह की कानूनी प्रक्रिया को रोक दिया गया है। कोतवाली पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है।

नकली कफ सिरप का भंडाफोड़: गरियाबंद और नवापारा के मेडिकल स्टोर पर FIR

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गरियाबंद जिले में नकली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। नवापारा के ‘नवकार मेडिकल स्टोर्स’ में औचक निरीक्षण के दौरान ‘बेस्टो कोफ’ सिरप का नकली स्टॉक और फर्जी बिल बरामद किए गए। जांच में निर्माणकर्ता कंपनी ने दवा को जाली बताया है। पुलिस ने मेडिकल संचालक पारसमल जैन और अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और नकली दवा बेचने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

ACB की बड़ी रेड, रिश्वत लेते सहायक ग्रेड-2 लिपिक गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में छापा मारा। वहां पदस्थ लिपिक गिरीश कुमार वारे को एक भृत्य से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी ने ट्रांसफर के नाम पर कुल 70 हजार रुपये मांगे थे और दबाव बनाने के लिए पीड़ित की मोटरसाइकिल भी छीन ली थी। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

खैरागढ़ राजपरिवार विवाद: मतदाता सूची में ‘तलाकशुदा पत्नी’ के नाम पर मची रार

खैरागढ़ राजपरिवार की रानी विभा सिंह ने मतदाता सूची ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) में दिवंगत राजा देवव्रत सिंह की वैवाहिक स्थिति को गलत दर्शाने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, उनकी तलाकशुदा पूर्व पत्नी पद्मा सिंह को फिर से राजा की पत्नी के रूप में दर्ज कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने पहले इसे निराधार बताया था, लेकिन अब तहसीलदार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 जनवरी को दोनों पक्षों को दस्तावेजों के साथ हाजिर होने का नोटिस जारी किया है।

हाईकोर्ट का आदेश: प्राथमिक हेड मास्टर से लेक्चरर पदोन्नति पर लगी रोक

बिलासपुर हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में हेड मास्टर (प्राथमिक) से लेक्चरर पद पर होने वाली पदोन्नति प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने 22 दिसंबर 2025 को आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति की कार्रवाई को स्थगित कर दिया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि विभाग ने ई-संवर्ग के नियमित शिक्षकों को दरकिनार कर केवल एलबी-संवर्ग को शामिल किया और वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप दिए बिना नए नियम लागू कर दिए।

Also Read: छत्तीसगढ़ में दो सालों में मंत्रियों के 12 से ज्यादा OSD और PA हटाए गए, विपक्ष ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, तो सत्तापक्ष ने बताई ये वजह

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button