‘गंगाजल लेकर कसम खाएं…’: अजय चंद्राकर ने भूपेश बघेल को दी खुली चुनौती, स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस को घेरा

रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने बस्तर, नक्सलवाद, PCC चीफ दीपक बैज, स्मार्ट मीटर, अटल प्रतिमा विवाद, और कुलगाम आतंकी हमला से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने शुक्रवार को रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद, कांग्रेस संगठन, स्मार्ट मीटर, कटघोरा में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा विवाद, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले, भाजपा के वायरल ऑडियो विवाद और राजधानी रायपुर के विकास सहित कई विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘कांग्रेस के कारण नक्सलवाद आया, भाजपा के कारण खत्म हो रहा’

बस्तर को लेकर सरकार की योजना पर उठ रहे सवालों के बीच अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को नक्सलवाद पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस की राजनीतिक और प्रशासनिक विफलताओं के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बढ़ा, जबकि भाजपा की रणनीति के कारण नक्सलवाद समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। यही दोनों सरकारों के बीच सबसे बड़ा अंतर है।”

PM मोदी के फैसले की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छात्रों को लेकर लिए गए फैसले पर अजय चंद्राकर ने कहा कि यह उनके विशाल व्यक्तित्व और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जो नेता आने वाली पीढ़ी की चिंता करता है, वही ऐसा निर्णय ले सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि परीक्षा सुधारों से जुड़े विधेयक के पारित होने के बाद युवाओं और Gen-Z से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

दीपक बैज के संगठन अभियान पर तंज

पीसीसी चीफ दीपक बैज द्वारा निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने की बात पर अजय चंद्राकर ने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है।

उन्होंने कहा, “सवाल यह है कि कांग्रेस एक्टिव कैसे होगी? उनके पास न मुद्दे हैं और न ही संगठन को मजबूत करने के लिए पर्याप्त लोग।”

अटल प्रतिमा विवाद पर कड़ी कार्रवाई की मांग

कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के मामले पर अजय चंद्राकर ने इसे गंभीर मामला बताया।

उन्होंने कहा कि एक सब-इंजीनियर पर कार्रवाई हुई है, लेकिन केवल एक अधिकारी पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। पूरे सिस्टम की जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्मार्ट मीटर आंदोलन पर कांग्रेस को घेरा

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर आज से शुरू किए जा रहे राज्यव्यापी आंदोलन पर अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भूपेश बघेल यह स्पष्ट करें कि उनके कार्यकाल में स्मार्ट मीटर योजना शुरू हुई थी या नहीं।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता भूपेश बघेल जी से आग्रह करें कि जैसे शराबबंदी के लिए गंगाजल लेकर कसम खाई थी, वैसे ही गंगाजल हाथ में लेकर बताएं कि स्मार्ट मीटर योजना उन्होंने शुरू की थी या नहीं।

उन्होंने आगे कहा कि “आज राजनीति में सबसे अविश्वसनीय चेहरा कांग्रेस और उसकी लीडरशिप बन चुकी है।”

कुलगाम आतंकी हमले पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या पर अजय चंद्राकर ने गहरा दुख जताया।

उन्होंने कहा कि पहलगाम की तरह इस घटना में भी आतंकियों ने नाम और धर्म पूछकर हमला किया है। यह ठीक पहलगाम की तरह टारगेट किलिंग है. इसमें आतंकियों पर उसी तरह की कर्रवाई होनी चाहिए जैसे पूर्व में हुई है.

साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पीड़ित परिवारों के लिए राहत पैकेज की घोषणा करेंगे।

भाजपा नेताओं के वायरल ऑडियो पर बोले

भाजपा के दो जिला अध्यक्षों के कथित वायरल ऑडियो पर अजय चंद्राकर ने कहा कि निजी बातचीत को रिकॉर्ड कर सार्वजनिक करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा नहीं है।

उन्होंने कहा, “किसी भी बातचीत के टुकड़े काटकर वायरल करना नॉनसेंस है। इससे केवल राजनीतिक माहौल खराब होता है। सकारात्मक राजनीति होनी चाहिए, न कि रिकॉर्डिंग और वायरल करने की प्रवृत्ति।”

उमेश पटेल विवाद पर कांग्रेस पर कटाक्ष

कांग्रेस में उमेश पटेल को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग और अनुशासनात्मक कार्रवाई के सवाल पर अजय चंद्राकर ने चुटीले अंदाज में कहा,

“महाभारत 18 दिन चला था, लेकिन कांग्रेस में महाभारत रोज चलता है। हर दिन कोई खुद को विजेता घोषित करता है, फिर अगले दिन नया विवाद शुरू हो जाता है। यही कांग्रेस की कार्यशैली और राजनीतिक संस्कृति बन चुकी है।”

Also Read: CG Congress Assembly Election New Guidelines: छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला: नेताओं और दावेदारों के लिए जारी हुई नई गाइडलाइन, जानें क्या हैं नये नियम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button