मंत्री टंकराम वर्मा की कार्यशैली से नाराज भाजपा जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, मचा सियासी हलचल

Sarangarh BJP Politics News: सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल ने अपने पद से त्यागपत्र देने का पत्र प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को सौंप दिया। इस्तीफा पत्र में उन्होंने जिले के मौजूदा संगठनात्मक हालात और पार्टी के भीतर चल रही कथित खींचतान को अपने इस बड़े फैसले की मुख्य वजह बताया है।

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा पर उठाए सवाल

CG BJP News Today: प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को संबोधित पत्र में ज्योतिलाल पटेल ने लिखा है कि जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के क्रियाकलापों से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और जिले में पार्टी कमजोर पड़ रही है। उन्होंने संगठन के भीतर की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इन गतिविधियों का सीधा असर जमीनी कार्यकर्ताओं के मनोबल और पार्टी की मजबूती पर पड़ रहा है।

नगर पालिका चुनाव में दबाव बनाने का आरोप

Sarangarh Bilaigarh News: इस्तीफा पत्र में जिला महामंत्री अमित तिवारी पर संगठन को अपने हिसाब से चलाने और आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष तथा पार्षद पदों के लिए अपनी पसंद के उम्मीदवारों के चयन को लेकर बार बार अनुचित दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। ज्योतिलाल पटेल ने पत्र में स्पष्ट किया है कि संगठन में चल रही विपरीत परिस्थितियों के कारण वे चिंतित और तनावग्रस्त हैं, जिसके चलते उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष का पद छोड़ने का निर्णय लिया और प्रदेश नेतृत्व से त्यागपत्र स्वीकार करने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों को भेजी प्रति

ज्योतिलाल पटेल ने अपने इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश महामंत्री संगठन कमलेश सिंह तथा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ नवीन मार्कण्डेय को भी भेजी है। शीर्ष नेताओं तक यह पत्र पहुंचने के बाद स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तर के राजनीतिक गलियारों में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।

प्रदेश नेतृत्व के अगले रुख पर टिकी निगाहें

जिला अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद अब सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में भाजपा संगठन की आगामी रणनीति और प्रदेश नेतृत्व के रुख को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। आने वाले नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व इस संगठनात्मक विवाद को किस तरह सुलझाता है, इस पर सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की नजरें टिकी हुई हैं।

Also Read: CG Cabinet Reshuffle 2026: छत्तीसगढ़ में 6 मंत्रियों के फेरबदल की चर्चा, 3 तीन का हटना तय और 2 के विभाग बदलने की चर्चा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button