
CG Congress Protest: छत्तीसगढ़ में राजनीतिक घमासान एक बार फिर तेज हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्यवाही चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ 22 जुलाई को पूरे प्रदेश में चक्काजाम का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यह सिर्फ राजनीतिक प्रतिशोध नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है, जिसका जवाब अब जनता की ताकत से दिया जाएगा। पार्टी ने प्रदेश की प्रमुख सड़कों को बंद करने और आर्थिक नाकेबंदी करने का फैसला लिया है।
ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस का हमला, साजिश का आरोप
Bhupesh Baghel: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और ईडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के दुरुपयोग से कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। भूपेश बघेल ने कहा कि उनके बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी बिना किसी नोटिस के की गई, जबकि वह राजनीति में सक्रिय भी नहीं हैं। इससे यह साफ है कि यह कार्रवाई एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
Congress ChakkaJam: उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले देवेंद्र यादव और कवासी लखमा जैसे नेताओं को भी अलग-अलग मामलों में फंसाया गया है, ताकि कांग्रेस की आवाज़ को दबाया जा सके। अब यह केवल नेताओं की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई है।
कांग्रेस की रणनीति: आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम
Chhattisgarh Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घोषणा की कि 22 जुलाई को पूरे प्रदेश में कांग्रेस आर्थिक नाकेबंदी करेगी और सभी प्रमुख सड़कों को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है, जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है।
Chaitanya Baghel Arrest: दीपक बैज ने दावा किया कि खनिज संसाधनों की लूट और जंगलों की कटाई के पीछे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश है। यही वजह है कि कांग्रेस ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है और किसी भी कार्रवाई का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भाजपा का पलटवार, कांग्रेस पर पैसा की हेराफेरी का आरोप
ED ActionIn CG: कांग्रेस के चक्काजाम ऐलान पर भाजपा नेता और मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने किए गए कृत्यों की जवाबदेही देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में प्रदेश की जनता का पैसा गांधी परिवार की झोली में डाल दिया। अब जब सत्ता से बाहर है तो सड़कों पर ड्रामा कर रही है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि जांच पहले से ही चल रही थी, और अब सच्चाई सामने लाई जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष महंत का दावा: कांग्रेस एकजुट, संघर्ष के लिए तैयार
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा की कोशिश है कि कांग्रेस नेताओं को फंसाकर पार्टी की एकता को तोड़ा जाए, लेकिन यह संभव नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पहले से ज्यादा एकजुट है और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करेगी। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की जनता की आवाज़ को दबने नहीं देंगे और हर मोर्चे पर भाजपा को चुनौती देंगे।
देखिये राजीव भवन, रायपुर में कांग्रेस की प्रेसवार्ता-
राज्य की राजनीति में जनता की नजर
CG Economic Blockade: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव एक बार फिर तीव्र हो गया है। ईडी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पूरी ताकत से सड़कों पर उतरने की तैयारी में है। 22 जुलाई को होने वाला चक्काजाम राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है। अब देखना यह होगा कि जनता इस आंदोलन को कितना समर्थन देती है और भाजपा सरकार इस चुनौती का जवाब कैसे देती है।



