
दुर्ग: Durg News: बिजली बिलों की बढ़ोतरी, बार-बार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (जेसीपी) आज मंगलवार, 23 सितंबर को दुर्ग के हिंदी भवन के सामने एकदिवसीय “जबर गोहार” महाधरना करेगी। पार्टी का कहना है कि आम जनता इस मुद्दे पर राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद करेगी। धरना खत्म होने के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
सभी जिलों में होगा आंदोलन
Johar Chhattisgarh Party: जेसीपी जिलाध्यक्ष राहुल ने जानकारी दी कि दुर्ग समेत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक साथ यह विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ बिजली सरप्लस राज्य होने के बावजूद आम लोग दोगुने-तिगुने बिजली बिलों से परेशान हैं।

अन्य राज्यों को बिजली सप्लाई का मुद्दा
राहुल ने कहा कि हसदेव, कोरबा और तमनार के जंगलों से अंधाधुंध तरीके से कोयला निकाला जा रहा है और अन्य राज्यों को बिजली सप्लाई की जा रही है। इसके बावजूद सरकार उनसे भुगतान वसूल नहीं कर पा रही है, जबकि आम जनता से जबरन वसूली की जा रही है।
किसानों और आम जनता पर असर
जेसीपी का कहना है कि सरकारी और गैरसरकारी संस्थानों पर करोड़ों का बिजली बिल बकाया है, लेकिन गरीब उपभोक्ताओं से वसूली बढ़ा दी गई है। इससे घरों का बजट बिगड़ रहा है और किसानों की खेती पर सीधा असर पड़ रहा है।
राजधानी में बड़े आंदोलन की चेतावनी
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने बिजली बिल और सप्लाई से जुड़े इन फैसलों को वापस नहीं लिया, तो अगला बड़ा आंदोलन राजधानी रायपुर में किया जाएगा।
Also Read: CG NHM Salary Hike: छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों का वेतन बढ़ा, 33 दिन बाद खत्म हुई हड़ताल



