CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें IIM रायपुर में बोले एस. जयशंकर, हाईकोर्ट से दोषी करार होने के बाद अमित जोगी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट टीएस सिंहदेव का सरकार पर तीखा प्रहार अमरकोट धान केंद्र में 1.65 करोड़ का गबन वन भूमि पर अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर पोर्टल की तकनीकी खामी से छत्तीसगढ़ के हजारों किसान परेशान तेंदुए की खाल की तस्करी करते अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार छत्तीसगढ़ खनिज राजस्व में 14% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी ओपन परीक्षा में नकल के नाम पर 12 हजार की वसूली? शादी के नाम पर ठगने वाला ‘मैरिज ब्यूरो’ गैंग बेनकाब, 4 गिरफ्तार समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
IIM रायपुर के दीक्षांत समारोह में बोले एस. जयशंकर: ‘दुनिया को समझें युवा’
रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के 15वें दीक्षांत समारोह में विदेश मंत्री एस. जयशंकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को डिग्री बांटते हुए कहा कि आज के दौर में सीमा पार होने वाली घटनाओं का सीधा असर हमारे करियर पर पड़ता है। जयशंकर ने जोर देकर कहा कि युवाओं को सिर्फ अपनी किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दुनिया में हो रहे आर्थिक और राजनीतिक बदलावों पर भी नजर रखनी चाहिए। उन्होंने भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और डिजिटल क्रांति का जिक्र करते हुए छात्रों से अपनी स्किल का वैश्विक स्तर पर इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
जग्गी हत्याकांड: हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अमित जोगी
राम अवतार जग्गी हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से दोषी करार दिए जाने के बाद पूर्व विधायक अमित जोगी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने शीर्ष अदालत में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई हो सकती है। बता दें कि हाईकोर्ट ने हाल ही में निचली अदालत का फैसला पलटते हुए अमित जोगी को दोषी ठहराया था और उन्हें तीन हफ्ते के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था। जोगी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
अंबिकापुर की घटना पर बिफरे टीएस सिंहदेव, सरकार को घेरा
अंबिकापुर में एक युवती के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। सिंहदेव ने इस घटना की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से करते हुए कहा कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के व्यस्त इलाकों में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।
महासमुंद: डेढ़ करोड़ के गबन मामले में बारदाना प्रभारी गिरफ्तार
महासमुंद जिले के अमरकोट धान उपार्जन केंद्र में हुए करीब 1.65 करोड़ रुपये के गबन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायपाली पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी बारदाना प्रभारी तेजराम पटेल और केंद्र प्रभारी कार्तिकेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि धान खरीदी के दौरान भौतिक सत्यापन में 11 हजार से ज्यादा बोरियां कम पाई गई थीं। तकनीकी सुरागों की मदद से पुलिस ने आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा और अब उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मनेंद्रगढ़: वन भूमि पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटाया गया
नगर पंचायत जनकपुर क्षेत्र में वन विभाग ने शनिवार को अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने कुंवारपुर वन परिक्षेत्र में बिना अनुमति बनाए गए मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, यह निर्माण “अंधा मोड़” के पास किया गया था, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता था। हालांकि, कब्जेधारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के हटाया गया है, जबकि विभाग का दावा है कि पहले नोटिस जारी किए गए थे।
पीएम आशा योजना: पोर्टल की गड़बड़ी से किसान परेशान
छत्तीसगढ़ के रबी फसलों के उत्पादक किसान ‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान’ (पीएम आशा) का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। किसान संघर्ष समिति का आरोप है कि गिरदावरी पोर्टल को समय से पहले बंद कर दिया गया, जिसके कारण किसान अपनी फसल का पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं। मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को भेजे ज्ञापन में मांग की गई है कि गिरदावरी पोर्टल को 15 अप्रैल तक दोबारा खोला जाए ताकि रबी उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
बलरामपुर: तेंदुए की खाल की तस्करी करते 9 आरोपी धरे गए
बलरामपुर में वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने 9 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से तेंदुए की 2 खालें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। यह कार्रवाई बसंतपुर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर की गई। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इन तेंदुओं का शिकार कहां किया गया था और इनके तार किन बड़े गिरोहों से जुड़े हैं।
छत्तीसगढ़ के खनिज राजस्व में 14 फीसदी का बड़ा उछाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खनिज राजस्व के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने 16,625 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया है, जो पिछले साल के मुकाबले 14 प्रतिशत ज्यादा है। सचिव पी. दयानंद ने बताया कि ‘खनिज 2.0’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म और बेहतर निगरानी तंत्र की वजह से यह संभव हुआ है। सरकार अब आने वाले समय में गौण खनिजों की निगरानी के लिए ड्रोन और वीटीएस (VTS) तकनीक का दायरा और बढ़ाने जा रही है।
रायगढ़: ओपन परीक्षा में नकल के नाम पर वसूली का आरोप
रायगढ़ जिले के बर्रा ओपन परीक्षा केंद्र में उस वक्त हंगामा हो गया जब छात्रों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में नकल कराने और पर्चियां देने के बदले 8 से 12 हजार रुपये की मांग की जा रही है। जिन छात्रों ने पैसे देने से मना किया, उनमें से 7 को परीक्षा देने से रोक दिया गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए उड़नदस्ता टीम भेजी है और दोषी पाए जाने पर केंद्राध्यक्ष पर कार्रवाई की बात कही है।
बिलासपुर: शादी के नाम पर ठगने वाला ‘मैरिज ब्यूरो’ गैंग पकड़ाया
बिलासपुर पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंटों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह मैरिज ब्यूरो चलाकर लोगों को शादी का झांसा देता था और फर्जी प्रोफाइल के जरिए उनसे पैसे वसूलता था। पुलिस ने सरकंडा इलाके में चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि ये लोग म्यूल बैंक अकाउंट्स (दूसरे के नाम पर खुले खाते) का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि पकड़े न जाएं। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल और दस्तावेज जब्त किए हैं।
Also Read: छुट्टी के दिन खुला हाई कोर्ट: RTE दाखिले में देरी पर चीफ जस्टिस नाराज, शिक्षा विभाग को लगाई फटकार



