
CG BJP MLA Passes Away: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर आते ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों, भाजपा कार्यकर्ताओं और अहिवारा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हैदराबाद के अस्पताल में ली अंतिम सांस
Ahiwara BJP MLA Domanlal Korsewada Demise: मिली जानकारी के मुताबिक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया था। निधन से महज दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हैदराबाद पहुंचकर अस्पताल में उनसे मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था। इलाज के तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
2008 में पहली बार पहुंचे थे विधानसभा
CG Assembly Eldest MLA Passes Away:डोमनलाल कोर्सेवाड़ा दुर्ग जिले के अहिवारा क्षेत्र के मूल निवासी थे। उनके पिता का नाम स्वर्गीय नम्मू दास कोर्सेवाड़ा था। उच्च शिक्षित नेताओं में शुमार डोमनलाल ने वर्ष 1985 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से स्नातकोत्तर (एमए) की डिग्री हासिल की थी और इसके साथ ही उन्होंने बीएड की पढ़ाई भी पूरी की थी। शिक्षा पूरी करने के बाद वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और वर्ष 2008 में पहली बार विधायक चुने गए।

2023 में दर्ज की थी विशाल जीत
वर्ष 2008 के बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया था। उन्होंने अहिवारा सीट से चुनाव लड़ते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस जीत के साथ ही वे अहिवारा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के सबसे उम्रदराज विधायक
दिसंबर 2023 में गठित हुई छठवीं छत्तीसगढ़ विधानसभा में डोमनलाल कोर्सेवाड़ा सबसे उम्रदराज जनप्रतिनिधि थे। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा अपने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे। सादगी पसंद छवि और मजबूत जनाधार वाले नेता के रूप में जाने जाने वाले कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश नेतृत्व और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।



