
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों ने ताजा अपडेट देते हुए बताया है कि उनकी स्थिति अब पूरी तरह स्थिर है। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के मुताबिक, सोनिया गांधी को ‘सिस्टमिक इन्फेक्शन’ (संक्रमण) की शिकायत के बाद भर्ती किया गया था, लेकिन अब वे इलाज का अच्छा रिस्पांस दे रही हैं। राहत की बात यह है कि उनके शरीर के सभी महत्वपूर्ण मानक जैसे ब्लड प्रेशर और पल्स रेट बिल्कुल सामान्य पाए गए हैं।
खुद टहल रही हैं और सामान्य नाश्ता भी शुरू किया
अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी की रिकवरी काफी तेजी से हो रही है। उन्होंने अब खुद से टहलना-फिरना शुरू कर दिया है और सुबह का नाश्ता भी सामान्य रूप से ले रही हैं। हालांकि, संक्रमण को पूरी तरह खत्म करने के लिए डॉक्टरों की टीम उन्हें अभी आईवी एंटीबायोटिक्स दे रही है। यह उपचार अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है ताकि किसी भी तरह के दोबारा संक्रमण का खतरा न रहे।
प्रदूषण और मौसम के कारण बिगड़ी थी हालत
सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात करीब 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के स्तर की वजह से उन्हें सीने में भारीपन और सांस लेने में कठिनाई महसूस हुई थी। वे लंबे समय से ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या से जूझ रही हैं, जिसके कारण प्रदूषण उनके फेफड़ों पर सीधा असर डालता है। इससे पहले जनवरी महीने में भी इसी तरह की समस्या के कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी।
दो से तीन दिनों में मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी
सोनिया गांधी की देखरेख डॉ. डी.एस. राणा के नेतृत्व वाली अनुभवी डॉक्टरों की टीम कर रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्हें डिस्चार्ज करने का फैसला डॉक्टरों की अंतिम राय और सोनिया गांधी की सहमति के बाद लिया जाएगा। वर्तमान सुधार को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। फिलहाल उन्हें पूरी तरह आराम करने और बाहरी संपर्क से बचने की सलाह दी गई है।



