
कुरूद: कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद की सत्र 2022-23 की पासआउट होनहार छात्रा स्नेहा देवांगन (पिता – अजय देवांगन) का चयन एमबीबीएस में हुआ है। बचपन से डॉक्टर बनने का सपना देख रही स्नेहा ने अपनी मेहनत, लगन और जज़्बे से यह मुकाम हासिल किया। प्रारंभ से ही पढ़ाई में अव्वल रही स्नेहा ने बारहवीं के बाद लगातार कड़ी मेहनत करते हुए साबित किया कि समर्पण और मेहनत से किए गए प्रयास हमेशा सफल होते हैं। वह अब शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा में अध्ययन करेंगी।
स्नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद को दिया।
पचरीपारा, कुरूद निवासी अजय देवांगन और बबीता देवांगन की सुपुत्री स्नेहा ने NEET परीक्षा में 477 अंक प्राप्त कर MBBS में चयनित हुई है। स्नेहा के पिता थ्रेड हाउस चलाते हैं और माता सिलाई-कढ़ाई सिखाती हैं। उनके दादा स्व. टेकराम देवांगन आयुर्वेदिक चिकित्सक थे। एक पीढ़ी बाद फिर स्नेहा ने परिवार के चिकित्सा क्षेत्र के सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पहली बार में BAMS में चयनित होने के बावजूद स्नेहा ने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत कर अपने सपनों को साकार किया।
विधायक अजय चंद्राकर ने दी बधाई
कुरुद के विधायक अजय चंद्राकर ने स्नेहा और उनके माता-पिता से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा –
“NEET मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता पाकर MBBS में चयनित होने पर स्नेहा ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हमें गर्व है कि हमारे क्षेत्र की बेटी डॉक्टर बनकर समाज सेवा और मानवता की मिसाल पेश करेगी।”
विद्यालय परिवार ने जताया गर्व
विद्यालय के प्रबंधक विश्वनाथ चंद्राकर, उपप्रबंधक योगेश चंद्राकर और प्राचार्य मंजीता ठाकुर ने भी स्नेहा को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्राचार्य ने कहा –
“स्नेहा हमारे विद्यालय का गौरव है। उनकी सफलता आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
Also Read: मगरलोड के ग्राम पंचायत सौंगा में मनरेगा योजना से बना आंगनबाड़ी



