
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में हल्की बौछारों के बावजूद उमस भरी गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश की वजह से जगदलपुर और आसपास के इलाकों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने वाला है। इस मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट पार करेगा सिस्टम
CG Weather Today Alert: मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, डिप्रेशन प्रणाली पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। पिछले कुछ घंटों में यह करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ी है। अनुमान लगाया गया है कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों को पार कर जाएगा। इस मौसमी हलचल का सीधा असर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती और मैदानी जिलों पर देखने को मिलेगा।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
CG Today Weather News: मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी जोखिम बना हुआ है, जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने और खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म और पेंड्रा रोड में रही ठंडक
CG Rainy Weather Forecast: बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की गई। इस अवधि में राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो कवर्धा में सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राजपुर और कोटा में 3 सेंटीमीटर, जबकि चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई है। जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में भी 1-1 सेंटीमीटर पानी गिरा है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बौछारें पड़ने के आसार
Raipur Weather Rain Alert: राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर में एक या दो बार गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन में बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारों से हवा में नमी बढ़ेगी, जिससे लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ सकता है।

बस्तर संभाग समेत कई जिलों में अलर्ट जारी
CG Rain and Lightning Alert: मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बेमेतरा और कांकेर सहित कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने को कहा गया है।



