CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें सक्ती में रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, बिलासपुर ADM ऑफिस का बाबू ट्रैप, CSVTU पेपर लीक में WhatsApp से नकल का खुलासा, AIIMS नौकरी के नाम पर 14.50 लाख की ठगी, IPL नकली टिकट गिरोह पकड़ा, अबूझमाड़ में ITBP ने बनाया 60 मीटर पुल, खेत में उग रहा था गांजा, 28 करोड़ बैंक घोटाले में ED की एंट्री, राशन कार्ड की नई WhatsApp सुविधा और SDO की गोल्ड चेन गायब होने से मचा बवाल समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

सक्ती में ASI और बिलासपुर में बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रविवार को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक एएसआई और एडीएम कार्यालय के बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। बिलासपुर में एसीबी टीम ने एडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मामले में जुर्माना कम कराने के बदले आरोपी ने 20 हजार रुपए मांगे थे। जांच में पता चला कि वह पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था। उधर, सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ एएसआई एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए लेते पकड़ा गया। एएसआई ने मारपीट मामले में कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायतकर्ता से पहले ही आधी रकम ली जा चुकी थी। दूसरी किश्त लेते समय एसीबी ने उसे दबोच लिया।

AIIMS में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख की ठगी

दुर्ग पुलिस ने एम्स रायपुर में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। भिलाई निवासी मुकेश कोसरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित अभिषेक जायसवाल ने खुद को बड़े अधिकारियों से जुड़ा बताते हुए एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने 2021 से 2022 के बीच अलग-अलग किश्तों में 14 लाख 50 हजार रुपए लिए। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और आरोपी गायब हो गया, तब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे लखनऊ से गिरफ्तार किया गया।

अबूझमाड़ में ITBP जवानों ने बनाया 60 मीटर लंबा पुल

नारायणपुर जिले के दुर्गम अबूझमाड़ इलाके में आईटीबीपी की 38वीं बटालियन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब 60 मीटर लंबा लकड़ी और बांस का पुल तैयार किया है। बरसात में तेज बहाव के कारण कुड़मेल गांव का संपर्क टूट जाता था। इससे ग्रामीणों के साथ सुरक्षा बलों को भी परेशानी होती थी। ऐसे में आईटीबीपी जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से यह पुल बनाया। पुल इतना मजबूत है कि उस पर मोटरसाइकिल भी गुजर सकती है। पुल बनने से गांव के लोगों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

खेत में उगाई जा रही थी गांजे की फसल, आरोपी गिरफ्तार

एमसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा खेती का खुलासा किया है। ग्राम पंचायत मंगोरा में एक व्यक्ति अपने घर के पास बाड़ी में गांजे के पौधे उगा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर 36 गांजे के पौधे जब्त किए। पौधों की कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी सर्वजीत को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

IPL के नकली टिकट बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

लखनऊ पुलिस ने आईपीएल मैच के नकली टिकट बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छत्तीसगढ़ के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोशल मीडिया से असली टिकट की तस्वीरें लेकर कोरल ड्रॉ सॉफ्टवेयर की मदद से नकली टिकट तैयार किए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी अलग-अलग शहरों में इस तरह की ठगी कर चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीकांत बोरकर, नूतन साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से नकली टिकट, मोबाइल फोन और डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।

28 करोड़ बैंक घोटाले की जांच में जुटी ED

सरगुजा संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में हुए करीब 28 करोड़ रुपए के घोटाले की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय ने शुरू कर दी है। मामले में आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने फर्जी खाते खोलकर किसानों और मनरेगा से जुड़ी रकम में गड़बड़ी की। मंत्री रामविचार नेताम ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब ईडी ने बैंक प्रबंधन से विस्तृत जानकारी मांगी है। जांच के दायरे में कई अधिकारी और कर्मचारी आ सकते हैं।

धर्मांतरित महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद

बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र में धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिजन गांव के पास शव दफनाना चाहते थे, लेकिन ग्रामीणों और कुछ संगठनों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि जिस जमीन पर दफनाने की तैयारी हो रही थी वह वन भूमि है। तनाव बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया। बाद में शव को करकपाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।

राशन कार्ड में मोबाइल अपडेट करना हुआ आसान

छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड धारकों के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। अब लोग व्हाट्सएप के जरिए अपने राशन कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। खाद्य विभाग ने “अन्न-सहायता” सेवा शुरू की है। इसके तहत हितग्राही क्यूआर कोड स्कैन कर राशन कार्ड नंबर और आधार के अंतिम चार अंक दर्ज करके मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। ओटीपी सत्यापन के बाद मोबाइल नंबर अपडेट होने की जानकारी एसएमएस से मिलेगी। विभाग ने 15 मई तक अभियान पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

CSVTU पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा

सीएसवीटीयू की फार्मेसी परीक्षा में पेपर लीक मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जांजगीर के एक निजी कॉलेज से प्रश्नपत्र और उत्तर लीक किए गए। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर वायरल कर दिए गए थे। कुछ छात्रों तक उत्तर चिट्स और मोबाइल के जरिए पहुंचाए गए। विश्वविद्यालय अब मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। संबंधित परीक्षा दोबारा कराई जा सकती है।

सरकारी दफ्तर की पार्टी के बाद गायब हुई SDO की गोल्ड चेन

बलौदाबाजार जिले के सोनाखान वन विभाग में आयोजित कथित शराब और मुर्गा पार्टी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के मुताबिक पार्टी के बाद एसडीओ की सोने की चेन गायब हो गई। इसके बाद संदेह के आधार पर चार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को काम से हटा दिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि बिना जांच के कार्रवाई की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Also Read: Balod Board Exam Result Action Principals Suspended: बालोद में बोर्ड परीक्षा रिजल्ट पर गिरी गाज: 8 प्राचार्य सस्पेंड और 14 की रुकी वेतन वृद्धि, खराब नतीजे देख प्रशासन सख्त

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button