CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें धान घोटाले की आशंका, ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर के लिए 25 गांवों में जमीन रजिस्ट्री पर रोक, कंक्रीट से मुक्त होंगे पेड़, पादरियों के प्रवेश पर पाबंदी और घर वापसी, 17 करोड़ का जीएसटी फ्रॉड, पटाखा गोदाम में ब्लास्ट, 100 एकड़ जंगल कब्जामुक्त, नकली दवाओं पर बवाल, ठग आरक्षक गिरफ्तार और नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

कबीरधाम में बड़ा धान घोटाला? खरीदी केंद्रों से धान गायब, रिकॉर्ड में दर्ज है करोड़ों का स्टॉक

कबीरधाम जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में इन दिनों सन्नाटा पसरा हुआ है। केंद्रों पर खाली चबूतरे और फटी बोरियां तो दिख रही हैं, लेकिन धान का एक भी बोरा नजर नहीं आ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि सरकारी दस्तावेजों में अभी भी इन केंद्रों में करीब 69 हजार क्विंटल धान का स्टॉक बचा हुआ दिखाया जा रहा है। गायब धान की कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। सूरजपुर, पेंड्रीकला, जुनवानी और समनापुर समेत नौ केंद्रों में जमीनी हकीकत और सरकारी आंकड़ों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। जिला प्रशासन ने मई के अंत तक धान का उठाव पूरा करने का लक्ष्य रखा था। इस मामले में खाद्य विभाग का कहना है कि धान की मिलिंग और उठाव का काम अभी चल रहा है। जिन केंद्रों में जांच के दौरान धान कम पाया गया है, उन्हें भरपाई के लिए समय दिया गया है। तय समय में स्टॉक पूरा न होने पर केंद्र प्रभारियों पर निलंबन और एफआईआर की गाज गिर सकती है।

ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर: दुर्ग जिले के 25 गांवों में जमीन की रजिस्ट्री पर रोक

देश की महत्वाकांक्षी रेल माल परिवहन परियोजना ‘ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर’ को लेकर दुर्ग जिले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने परियोजना के मार्ग में आने वाले 25 गांवों में जमीन की खरीद-बिक्री, नामांतरण, खाता विभाजन और भूमि उपयोग बदलने पर अगली सूचना तक रोक लगा दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। यह फ्रेट कॉरिडोर पश्चिम बंगाल के दानकुनी से शुरू होकर झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र होते हुए गुजरात तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 2100 से 2200 किलोमीटर प्रस्तावित है। दुर्ग और भिलाई क्षेत्र के उद्योगों, विशेषकर भिलाई स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्रियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों की नई सूची जारी की है, जिसमें दुर्ग तहसील के 9 गांव, पाटन के 10 गांव और भिलाई-3 तहसील के 6 गांव शामिल हैं। विशेष परिस्थितियों में जमीन के काम के लिए कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दिया जा सकता है।

रायपुर में कंक्रीट के जाल से मुक्त होंगे पेड़, राज्यपाल रमेन डेका ने दिए सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर और नया रायपुर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। राज्यपाल ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि शहर में सड़कों और फुटपाथ के किनारे लगे पेड़ों के चारों ओर बने कंक्रीट के ढांचों को तुरंत तोड़ा जाए। कंक्रीट की वजह से पेड़ों की जड़ों तक पानी और हवा नहीं पहुंच पा रही है, जिससे सैकड़ों पेड़ सूख रहे हैं। बैठक में वन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। राज्यपाल ने साफ किया कि केवल नए पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि पुराने पेड़ों को बचाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आदेश दिया कि जिन पेड़ों की ग्रोथ पूरी हो चुकी है, उनके ट्री-गार्ड हटाए जाएं ताकि उन्हें फैलने की जगह मिले। इसके साथ ही बहुत जरूरी होने पर ही पेड़ काटने की अनुमति देने के निर्देश दिए गए हैं।

कांकेर के ईरागांव में बाहरी पादरियों के प्रवेश पर पाबंदी, हेटारकसा में 20 साल बाद हिंदू धर्म में वापसी

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र से सामाजिक और धार्मिक बदलाव की दो बड़ी खबरें आई हैं। ईरागांव में ग्रामसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर ईसाई धर्म प्रचारकों और पादरियों के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। गांव के बाहर इस संबंध में सूचना बोर्ड भी लगा दिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले दिनों एक महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि मतांतरण के बाद कुछ लोग स्थानीय लोक परंपराओं और देवी-देवताओं की पूजा छोड़ देते हैं, जिससे आपसी विवाद बढ़ता है। दूसरी तरफ, भानुप्रतापपुर के ही हेटारकसा गांव में कोसरिया गांडा गंधर्व समाज के एक परिवार ने 20 साल बाद वापस हिंदू धर्म अपना लिया है। परशुराम टांडिया और उनके परिवार के सदस्यों ने समाज के सामने स्वेच्छा से घर वापसी की इच्छा जताई थी। समाज के बुजुर्गों ने पारंपरिक शुद्धिकरण और पूजा-पाठ की रस्में पूरी कराकर परिवार का स्वागत किया।

रायपुर में सेंट्रल जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 17 करोड़ की फर्जी बिलिंग मामले में कारोबारी गिरफ्तार

सेंट्रल जीएसटी (CGGST) की टीम ने इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए मध्य प्रदेश के एक कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी की कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर बिना किसी माल की सप्लाई के सिर्फ कागजों पर फर्जी बिल बनाकर टैक्स लाभ लेने का आरोप है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, इस कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कई ऐसी बोगस फर्मों के नाम पर 15.14 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया जिनका कोई वजूद ही नहीं था। इसके अलावा 1.98 करोड़ रुपये की अन्य टैक्स गड़बड़ियां भी पकड़ी गई हैं। इस तरह कुल 17.13 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। विभाग अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रहा है।

कोरबा के पटाखा गोदाम में भीषण आग, सिलसिलेवार धमाकों से इलाके में दहशत

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर इलाके में बुधवार को एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम के भीतर रखे पटाखों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और निवासी डर के मारे अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा नगर पालिका के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का काला गुबार देखा जा सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के दूसरे क्षेत्रों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। पुलिस बल ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। राहत कार्य जारी है और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।

कोंडागांव में वन विभाग का बड़ा बुलडोजर एक्शन, 100 एकड़ सरकारी जंगल को कब्जे से छुड़ाया

कोंडागांव जिले में अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग, पुलिस और राजस्व अमले ने संयुक्त रूप से अब तक की सबसे बड़ी बेदखली कार्रवाई की है। मुलमला रेंज के मालगांव, धुंसी और बुडरा इलाकों में लगभग 35 हेक्टेयर यानी 100 एकड़ वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। यहां सालों से घने जंगलों को काटकर खेती की जा रही थी और कुछ पक्के निर्माण भी कर लिए गए थे।अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन पर कुम्हारी निवासी बजरंग नेताम और बड़े कनेरा निवासी चैतन्य कश्यप ने साल 2010 से अवैध कब्जा जमा रखा था। कब्जा करने के लिए पेड़ों को रसायनों के जरिए सुखाया गया और आग लगाई गई। विभाग ने कई बार नोटिस दिए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाने पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। वन विभाग अब इस पूरी जमीन पर दोबारा जंगल विकसित करने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेगा।

दवाओं की ठेका प्रक्रिया पर विवाद, कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में दवाओं की खरीदी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घेराबंदी करते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में दवाओं की सप्लाई का ठेका एक ऐसी कंपनी को दिया गया है जो देश के सात राज्यों में प्रतिबंधित यानी ब्लैकलिस्टेड है। कांग्रेस नेता का आरोप है कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) ने कुल आवश्यक 400 दवाओं में से 184 दवाओं की आपूर्ति का जिम्मा इसी एक विवादित कंपनी को सौंप दिया। नियमों के मुताबिक निविदा भरते समय कंपनी को अपने ब्लैकलिस्ट होने की जानकारी देनी होती है, जो इस कंपनी ने दी भी थी। इसके बावजूद उसे अयोग्य घोषित नहीं किया गया। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कॉरपोरेशन के तकनीकी महाप्रबंधक की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर सवा लाख की ठगी, राजनांदगांव का आरक्षक गिरफ्तार

कोरबा जिले की बालको थाना पुलिस ने आरक्षक भर्ती के नाम पर बेरोजगारों से ठगी करने वाले एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान डिगम्बर प्रसाद कंवर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में राजनांदगांव जिले में आरक्षक के पद पर तैनात है। आरोपी खुद को बड़े रसूख और पहुंच वाला बताकर लोगों को झांसे में लेता था। बालको थाना क्षेत्र के केराकछार निवासी उमाशंकर और गणेशी राठिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने पुलिस विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 1 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की है। जांच में पता चला कि आरोपी ने ठगी की यह रकम अपने भाई के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज जब्त कर उसे जेल भेज दिया है।

बलौदाबाजार में ग्रामीणों ने पकड़ी नकली शराब की फैक्ट्री, आबकारी विभाग ने 360 लीटर मसाला शराब जब्त की

बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड के ग्राम संडी में ग्रामीणों की सूझबूझ से एक अवैध नकली शराब कारखाने का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार की रात ग्रामीणों ने गांव में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा, जिनके पास भारी मात्रा में शराब और संदिग्ध सामान था। ग्रामीणों की सूचना पर आबकारी विभाग ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच के दौरान एक मकान से 360 लीटर मसाला शराब, 15 लीटर रंगीन केमिकल, खाली बोतलें और भारी मात्रा में ढक्कन बरामद हुए। इस मामले में सरकारी शराब दुकान के एक सुपरवाइजर का नाम भी सामने आया है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कार से नकदी और फर्जी होलोग्राम लेकर भागने की भी चर्चा है, हालांकि आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल ने इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की विस्तृत जांच की बात कही है।

Also Read: Dhamtari Railway Project VIDEO: धमतरी के रेलवे ट्रैक पर ट्रेन देख झूम उठे लोग, वर्षों का इंतजार हुआ पूरा, जल्द शुरू होगा रेल सेवा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button