CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें ड्राइवरों का ‘स्टेयरिंग छोड़ो’ आंदोलन, मतदाता सूची पुनरीक्षण का आगाज, सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी, बस्तर की शिल्पकला राष्ट्रपति भवन पहुँची, भिलाई टाउनशिप में लैंड मॉनेटाइजेशन, पटवारियों की बैठक बेनतीजा, साक्षरता कार्यक्रम से बदलती तस्वीर, धान कटाई की रौनक, भिलाई में वित्तीय विवाद पर काउंटर केस और बिलासपुर में अवैध शराब जब्ती समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।:

बस्तर में ड्राइवरों का ‘स्टेयरिंग छोड़ो’ आंदोलन शुरू

अपनी लंबित मांगों को लेकर संयुक्त ड्राइवर संघ ने प्रदेशव्यापी ‘स्टेयरिंग छोड़ो’ आंदोलन का ऐलान किया है, जिसमें बस्तर संभाग के वाहन चालक भी शामिल हो रहे हैं। ड्राइवर आयोग के गठन, वेलफेयर बोर्ड बनाने, ड्राइवर दिवस घोषित करने और 8 घंटे की ड्यूटी निर्धारित करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर इस हड़ताल के चलते राशन, सब्जी, पेट्रोल-डीजल और यात्री बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण का आगाज

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसके तहत आज प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम या पते में संशोधन कराने तथा अन्य दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

3. महादेव सट्टा ऐप मामला, सौरभ चंद्राकर की आज कोर्ट में पेशी

बहुचर्चित करोड़ों रुपये के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आज विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने पिछले 8 दिनों की रिमांड के दौरान सट्टेबाजी नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और हवाला नेटवर्क से जुड़े कई अहम पहलुओं पर गहन पूछताछ की है, और आज कोर्ट में पेशी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय होगी।

राष्ट्रपति भवन तक पहुँची बस्तर की शिल्पकला, 11 कलाकार दिल्ली रवाना

राष्ट्रपति भवन की ओर से भेजे जाने वाले विशेष निमंत्रण पत्रों की सजावट में बस्तर की पारंपरिक शिल्पकला को स्थान मिला है। कोंडागांव जिले के 11 हस्तशिल्पियों (बेलमेटल और लौह शिल्पकार) का दल दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। स्थानीय कलाकारों द्वारा लोहे की तैयार 700 आकर्षक घंटियों और पारंपरिक कलाकृतियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर के हुनर का मान बढ़ाया है।

भिलाई टाउनशिप में लैंड मॉनेटाइजेशन की तैयारी

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रशासन ने टाउनशिप क्षेत्र के लगभग 33,000 आवासों और भवनों का व्यापक भौतिक तथा लॉजिस्टिक सर्वेक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पात्र एजेंसियों से ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (EOI) आमंत्रित की गई है। इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य संपत्तियों की कीमत का सही आकलन कर ‘लैंड मॉनेटाइजेशन’ नीति के तहत आय के नए स्रोत तलाशना है।

पटवारियों की शासन के साथ हुई बैठक बेनतीजा

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का एक महीना पूरा हो चुका है। राजस्व मंत्री के निर्देश पर राजस्व सचिव और विभागीय संचालक के साथ पटवारी संघ के प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई, लेकिन संघ की मांगों पर कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। शासन की अपील के बावजूद पटवारियों ने अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है, जिससे ग्रामीण अंचलों में राजस्व और भूमि संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

आत्मसमर्पित नक्सली और ग्रामीण अब पढ़-लिख रहे हैं

स्कूल शिक्षा विभाग के ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाकों में शिक्षा का उजियारा फैल रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों को साक्षर बनाने के लिए विशेष कक्षाएं लगाई जा रही हैं, और उल्लास मेलों के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा विद्या समीक्षा केंद्र के जरिए डिजिटल निगरानी बढ़ाकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारी जा रही है।

मौसम खुलते ही खेतों में लौटी धान कटाई की रौनक

पिछले दिनों चक्रवाती तूफान और बारिश के थमने के बाद अब खेतों में धान की कटाई और मिंजाई का काम तेजी से शुरू हो गया है। हालांकि, एक साथ फसल पककर तैयार होने से ग्रामीण अंचलों में मजदूरों की भारी किल्लत महसूस हो रही है, जिसके चलते किसान हार्वेस्टर से कटाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ जिलेभर के उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए टोकन वितरण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

स्वच्छ सर्वेक्षण में बिल्हा अव्वल

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने देशभर में अपना परचम लहराते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि राजधानी रायपुर और बिलासपुर को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है।

बिलासपुर में 13,860 रुपये की अवैध शराब जब्त

बिलासपुर शहर में अवैध शराब की बिक्री पर नकेल कसने के लिए सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में औचक दबिश दी। पुलिस ने आरोपी संतोष खटिक के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब की बोतलों सहित कुल 34.240 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत 13,860 रुपये आंकी गई है, और आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।

Also Read: CG Dhan Kharidi: धान खरीदी से पहले गिरदावरी में गड़बड़ी से किसान परेशान, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू की सरकार को चेतावनी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button