CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बीजेपी नेता के थाने में बवाल पर एफआईआर, 1500 ग्रामीणों के प्रार्थना सभा आवेदन से हड़कंप, बेमेतरा CMHO निलंबित, फरार डॉक्टर से 40 पोस्टमार्टम रिपोर्ट अटकीं, 11 मवेशी तस्कर गिरफ्तार, नाबालिग का अपहरण कर मारपीट, हाईकोर्ट से अतिरिक्त मुआवजा दावा पड़ा महंगा, धमतरी में गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक से लूट, कवर्धा-देवरी पिकनिक स्पॉट बंद और नाबालिगों के वाहन चलाने पर परिवहन विभाग सख्त समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता का बवाल, एफआईआर दर्ज

राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में देर रात भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभंकर द्विवेदी द्वारा हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात निर्धारित समय-सीमा के बाद डीजे बजाने पर की जा रही पुलिस कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छुड़ाने के लिए नेता ने पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाया। विवाद बढ़ने पर थाने में तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है।

1500 हिंदुओं के प्रार्थना सभा आवेदन से हड़कंप, धर्मांतरण के आरोप

धमतरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 1500 से अधिक ग्रामीणों ने ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए स्वेच्छा से कलेक्टर को आवेदन दिए हैं। इस घटनाक्रम के बाद हिंदू संगठनों और सर्व आदिवासी समाज ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसे लालच और विदेशी फंडिंग के जरिए कराया जा रहा मतांतरण करार दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदनों की जांच एसडीएम स्तर पर कराई जाएगी, वहीं आदिवासी समाज ने इस साजिश के खिलाफ बड़ी बैठक बुलाने की चेतावनी दी है।

महिला कर्मचारियों से अश्लीलता पर बेमेतरा सीएमएचओ डॉ. रोहलेडर निलंबित

महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के साथ अनुचित भाषा का प्रयोग करने और अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोपों में बेमेतरा जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अमृतलाल रोहलेडर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने यह कार्रवाई की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि कोई भी पद नियम और मर्यादा से ऊपर नहीं है और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल पहली प्राथमिकता है।

सिम्स के डॉक्टर के फरार होने से 40 पोस्टमार्टम रिपोर्ट अटकीं, जांच प्रभावित

बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल के फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. गोले के पिछले दो महीने से फरार होने के कारण करीब 40 पोस्टमार्टम रिपोर्ट पेंडिंग हो गई हैं। डॉ. गोले पर सर्पदंश से मौत के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये का बीमा क्लेम हासिल करने के घोटाले का आरोप है, जिसमें पुलिस 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। डॉक्टर के न मिलने से दुष्कर्म, हत्या और दुर्घटनाओं जैसे 12 से अधिक गंभीर मामलों की पुलिस जांच, चालान प्रक्रिया और परिजनों के बीमा क्लेम पूरी तरह से अटक गए हैं।

कबीरधाम में माजदा वाहन से 11 मवेशियों की तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले की रणवीरपुर पुलिस ने पशु क्रूरता और अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक माजदा वाहन (CG-07 CA-6546) को जब्त किया है। वाहन में 11 मवेशियों को बिना चारा-पानी के ठूंसकर क्रूरतापूर्वक बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों—प्रकाश चंद भट्ट, हिरेंद्र कुमार लोधी और कृष्णा कुमार साहू—को गिरफ्तार कर कृषक पशु परीक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

रायपुर में नाबालिग का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट और लूटपाट

दुर्ग जिले से आए बदमाशों द्वारा रायपुर के मोवा क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग का कार में अपहरण करने और उसके साथ जानलेवा मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग से सोने का ब्रेसलेट, चेन, दो मोबाइल और 40 हजार रुपये नकद छीन लिए और भिलाई ले जाकर करीब 10-11 युवकों ने उसे बेरहमी से पीटा। मेडिकल जांच में पीड़ित के जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर पाया गया है, जिसके बाद उसे रायपुर डेंटल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

बिलासपुर में अतिरिक्त मुआवजे का दावा पड़ा महंगा, 1.43 करोड़ में से रकम वापसी की नौबत

बिलासपुर के सकरी गांव में नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहित जमीन के मामले में 3-4 डिसमल अतिरिक्त जमीन का मुआवजा मांगने हाईकोर्ट पहुंचे जमीन मालिकों को बड़ा झटका लगा है। भौतिक सत्यापन के बाद जब पूरी जमीन (25 डिसमिल से अधिक) का पुनर्मूल्यांकन राजस्व नियमों के तहत किया गया, तो दरें बदल गईं। अब याचिकाकर्ताओं को अतिरिक्त मुआवजा मिलने के बजाय पहले मिले 1.43 करोड़ रुपये में से बड़ी राशि शासन को वापस लौटाने की स्थिति बन गई है।

धमतरी में गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक से लूटपाट, 2 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी शहर के रिसाईपारा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा खरीदने आए बालोद निवासी युवक और उसके साथियों का रास्ता रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने पीड़ित रोहित यादव का पर्स छीन लिया था, जिसमें 10 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा है।

कवर्धा-देवरी पिकनिक स्पॉट बंद, 22 मौतों के बाद प्रशासन का कड़ा फैसला

जांजगीर-चांपा जिले के देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी में बिलासपुर के तीन छात्रों के डूबने से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन ने इस स्थान को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस खतरनाक स्पॉट पर अब तक डूबने से 22 लोगों की जान जा चुकी है। हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर वहां चेतावनी बोर्ड लगा दिए गए हैं और किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

18 साल से कम उम्र के छात्रों के वाहन चलाने पर परिवहन विभाग सख्त

प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में नाबालिग स्कूली विद्यार्थियों द्वारा बिना लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। रायपुर आरटीओ ने सभी स्कूल-कॉलेज प्राचार्यों को पत्र लिखकर अभिभावकों को सूचित करने और बिना लाइसेंस के विद्यार्थियों को वाहन से न आने देने के निर्देश दिए हैं। विभाग जल्द ही प्रमुख शिक्षण संस्थानों के बाहर विशेष जांच अभियान चलाकर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई शुरू करेगा।

Also Read: बुढ़ापे में किसानों को संबल देगी ये योजना, हर महीने मिलेगी 3 हजार रुपये पेंशन, ये हैं जरूरी शर्तें और दस्तावेज

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button